नोएडा- नोएडा के सेक्टर-24 में स्थित ईएसआईसी अस्पताल के पास गुरुवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक नाबालिग ने थार वाहन से सड़क पर लापरवाही से ड्राइविंग करते हुए कई वाहनों को टक्कर मार दी। घटना में दो बाइक सवार घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, थार में दो किशोर सवार थे। वाहन पीछे करते समय पहले एक बुलेट मोटरसाइकिल को टक्कर लगी। इसके बाद चालक ने गाड़ी आगे बढ़ाई और रास्ते में दो अन्य बाइकों को भी चपेट में ले लिया। अंत में वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया, जिससे उसकी रफ्तार थमी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों नाबालिगों को अपनी निगरानी में ले लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वाहन चला रहा किशोर दिल्ली के कोंडली इलाके का रहने वाला है, जिसने यह थार किराये पर ली थी। वह नोएडा में अपने एक दोस्त से मिलने आया था, जो उस समय उसके साथ मौजूद था।
पुलिस ने बताया कि किशोर घर से निकला था लेकिन देर तक वापस नहीं लौटा, जिसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान सेक्टर-22 के पास उसे अपने परिवार के लोग दिखाई दिए, जिससे वह घबरा गया। घबराहट में उसने गाड़ी तेजी से पीछे और फिर आगे दौड़ा दी, जिससे यह हादसा हुआ।
थाना प्रभारी सुबोध कुमार ने बताया कि हादसे में घायल हुए बाइक सवारों की पहचान पवन कुमार और सुमित के रूप में हुई है। दोनों का इलाज कराया गया है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। दुर्घटना में कई दोपहिया वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और दोनों नाबालिगों से पूछताछ जारी है।
