मोतीचूर क्षेत्र में पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आकर गुलदार की मौत, शरीर के हुए दो टुकड़े

Rohit Kumar
2 Min Read

ऋषिकेश: आज सुबह मोतीचूर वन क्षेत्र अंतर्गत सौंग नदी रेलवे ट्रैक पर एक पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आकर गुलदार की मौत हो गई. इस हादसे में गुलदार के दो टुकड़े हो गए. वन विभाग की टीम ने शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. विभाग घटना की जांच पड़ताल में जुट गया है.

ट्रेन से कटकर गुलदार की मौत: बता दें कि ऋषिकेश से सटे राजाजी टाइगर रिजर्व नेशनल पार्क के पास मोतीचूर वन रेंज के पास ही रेलवे ट्रैक है. आज सुबह एक पैसेंजर ट्रेन योग नगरी रेलवे स्टेशन पर आ रही थी. वन विभाग के अनुसार गुलदार के ट्रैक पार करने के दौरान वह चपेट में आ गया होगा. जिससे उसकी मौत हो गई. इन दिनों बरसात के दौरान पार्क में मौजूद जंगली जानवर स्थान परिवर्तन करते हैं. यही अनुमान लगाया जा रहा है कि इसी दौरान वह ट्रेन की चपेट मे आ गया और उसकी मौत हो गई.

ट्रेनों की तेज रफ्तार वन्य जीवों के लिए बन रही मुसीबत: इस इलाके में यह कोई पहला मामला नहीं है. इससे पहले भी ट्रेन की चपेट में आने से कई जंगली जानवरों की मौत हो चुकी है. कई बार ट्रेन की गति अधिक होने के चलते कई जंगली जानवर अपनी जान गंवा चुके हैं. बहरहाल विभागीय टीम घटनाक्रम की जांच पड़ताल में जुटी है.

हल्द्वानी में ट्रेन की चपेट में आया था हाथी: ऐसी ही घटना पिछले साल हल्द्वानी वन क्षेत्र में भी हुई थी. लालकुआं के सुभाष नगर पुलिस चेक पोस्ट के पास ट्रेन की चपेट में आने से एक नर हाथी की मौत हो गई थी. तब वन अधिकारियों का कहना था कि हाथियों का झुंड गांव में आया होगा. इसी दौरान ट्रैक पार करते समय हाथी ट्रेन की चपेट में आ गया होगा. लालकुआं में इसी स्थान पर तीन हाथियों की ट्रेन से कटकर मौत हुई थी. तब इन घटनाओं से बड़ा हड़कंप मचा था.

Share This Article
Leave a Comment