पूर्व सपा सांसद और दामाद पर मुकदमा, पूर्व चेयरमैन की हत्या की साजिश में हैं बंद

Rohit Kumar
2 Min Read

बलरामपुर। पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष फिरोज पप्पू की हत्या की साजिश में जेल में बंद पूर्व सांसद रिजवान जहीर व उसके दामाद रजीम की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। तुलसीपुर पुलिस ने 10 माह पहले हुई घटना का संज्ञान लेकर रिजवान जहीर व उसके दामाद रजीम के खिलाफ जानलेवा हमले का केस दर्ज किया है। मामले की विवेचना की जा रही है।

विदित हो कि गत जनवरी माह में तुलसीपुर नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष फिरोज पप्पू की निर्मम तरीके से हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने इस मामले में तीन मुख्य आरोपियों के साथ-साथ पूर्व सांसद रिजवान जहीर, उसकी बेटी जेबा रिजवान तथा दामाद रमीज को साजिश के आरोप में गिरफ्तार किया था।

जेबा रिजवान की जमानत हो चुकी

रिजवान जहीर व उसका दामाद अभी जेल में हैं। शासन-प्रशासन ने रिजवान जहीर को जिला कारागार बलरामपुर से जिला कारागार ललितपुर तथा रमीज को जिला कारागार आगरा शिफ्ट कर दिया है। प्रशासन ने रिजवान जहीर को यूपी का टॉपटेन गैंगस्टर घोषित करके उसकी करीब 16 करोड़ रुपये कीमत की चल व अचल संपत्ति भी जब्त की है। परिजन दोनों लोगों की जमानत का प्रयास कर रहे हैं।

तुलसीपुर इंस्पेक्टर अवधेश राज सिंह ने बुधवार को बताया कि तुलसीपुर नगर निवासी अब्दुल महमूद खां ने गत 13 अगस्त को तहरीर देकर आरोप लगाया है कि रिजवान जहीर ने उनकी जमीन जबरन कब्जा कर ली थी। करीब 10 माह पूर्व वह जमीन खाली कराने के संबंध में रिजवान जहीर से मिलने गए थे।

अब्दुल महमूद खां का आरोप है कि रिजवान जहीर व उसके दामाद रमीज ने उनके साथ अभद्रता की और गला दबाकर जान से मारने की कोशिश भी की। पीड़ित की तहरीर पर रिजवान जहीर व उसके दामाद रमीज के खिलाफ जानलेवा हमले का केस दर्ज कर लिया गया है। मामले में विवेचना कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है

Share This Article
Leave a Comment