पांच हमलावरों ने युवक पर किया हमला, फिर गोली मारकर उतारा मौत के घाट, मुकदमा दर्ज

Amit
3 Min Read

हरियाणा। सोनीपत के गांव रोहणा में घर के अंदर दोस्तों संग हंसी मजाक कर रहे युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप गांव के ही पांच युवकों पर लगा है।

युवक को गोली लगने के बाद रोहतक के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां देर रात उपचार के दौरान मौत हो गई। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। रोहतक में शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों को नामजद किया है।

गांव रोहणा निवासी सुरेंद्र ने पुलिस को बताया कि वह उनका बेटा योगेंद्र (39) सोमवार शाम को घर पर अपने दो-तीन दोस्तों संग बैठा था। इसी दौरान गांव का सुनील उर्फ पंखा वहां पहुंचा और योगेंद्र के साथ गाली-गलौज करने लगा। योगेंद्र ने उसे कहा था कि वह अपने घर में हंसी मजाक कर रहे है। बेटे ने सुनील को शांत रहने और घर लौटने को कहा था।

इस पर सुनील ने धमकी दी कि वह उसे देख लेगा और वहां से चला गया। कुछ ही देर बाद सुनील अपने चार अन्य साथियों के साथ उनके घर पर पहुंचा। उनमें गांव के ही अनिल के पास बंदूक थी। उसके साथ संदीप उर्फ थोथा, डीलू, सुनील और एक अन्य युवक था। सभी ने मिलकर योगेंद्र पर हमला कर दिया।

सुरेंद्र ने बताया कि इसी दौरान अनिल ने योगेंद्र को गोली मार दी। जिससे वह घायल हो गए और भागने की कोशिश करने लगे। अन्य आरोपियों ने उनके बेटे को भागने भी नहीं दिया। गोली लगने से योगेंद्र गंभीर रूप घायल हो गए। उसके बाद हमलावर भाग निकले। उन्होंने अपने बेटे को रोहतक के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर उनके बेटे की देर रात उपचार के दौरान मौत हो गई।

मामले की सूचना के बाद खरखौदा थाना पुलिस रात को गांव रोहणा पहुंची और फॉरेंसिक लैब एक्सपर्ट की टीम को बुलाकर सबूत जुटाए। पुलिस ने देर रात रोहतक पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया। रोहतक में शव का पोस्टमार्टम होगा। पुलिस ने सुरेंद्र के बयान पर पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। परिजनों का कहना है कि वह हमलावरों को अच्छे से पहचानते हैं और उनकी शीघ्र गिरफ्तारी की जानी चाहिए।

Share This Article
Leave a Comment