नहर से मिला लापता युवक का शव, आठ दिन बाद खुली हत्या की गुत्थी; दोस्तों पर लगा कत्ल का आरोप

Amit
2 Min Read

नोएडा- गौतमबुद्धनगर के दनकौर थाना क्षेत्र में लापता युवक की तलाश में जुटी टीम को आठ दिन बाद सफलता मिली है। शनिवार को एनडीआरएफ ने अस्तौली गांव से करीब पांच किलोमीटर आगे नहर किनारे झाड़ियों में एक शव बरामद किया, जिसकी पहचान 29 नवंबर से लापता मनीष के रूप में हुई।

शव मिलने की सूचना पर बड़ी संख्या में पुलिस बल और परिजन मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

अस्तौली का रहने वाला मनीष 29 नवंबर को अचानक लापता हो गया था। उसके साथ दो दोस्त भी उसी दिन से गायब बताए गए। परिजनों ने शुरू से ही शक जताया था कि मनीष की हत्या उसके दोस्तों ने की है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ाई।

तीन दिन पहले पुलिस ने मनीष के दोनों दोस्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। प्राथमिक पूछताछ में सामने आया कि विवाद के चलते दोनों ने गला दबाकर मनीष की हत्या की और शव को जमालपुर पुल से नहर में फेंक दिया।

इसके बाद एनडीआरएफ की टीम लगातार नहर में तलाशी अभियान चला रही थी। लगभग तीन दिन की तलाश के बाद शनिवार को झाड़ियों में फंसा शव मिला।

शव मिलने के बाद गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
Leave a Comment