मानसून की पहली तेज बारिश ने खोली पोल, दिल्ली में 24 जलभराव हॉटस्पॉट चिन्हित

News Desk
3 Min Read

नई दिल्ली। राजधानी में मानसून की पहली तेज वर्षा के बाद जलभराव वाले 24 हाटस्पाट की पहचान की गई है। इनमें से आठ स्थान ऐसे हैं, जहां पिछले वर्ष भी पानी भरने की समस्या सामने आई थी।

इससे साफ है कि मानसून से पहले किए गए सुधार कार्यों के बावजूद कई संवेदनशील इलाकों में जलनिकासी की समस्या पूरी तरह दूर नहीं हो सकी है।

इन हाटस्पाट की समीक्षा के लिए यातायात पुलिस के विशेष पुलिस आयुक्त मनीष अग्रवाल की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों की समन्वय बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा एनएचएआइ, डीएमआरसी, पीडब्ल्यूडी, एमसीडी, दिल्ली जल बोर्ड, दिल्ली परिवहन विभाग, डीटीसी और टाटा पावर दिल्ली डिस्ट्रीब्यूशन लिमिटेड के अधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक में पिछले सप्ताह हुई वर्षा के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था और जलभराव की स्थिति की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि भारी वर्षा के बावजूद अधिकांश प्रमुख मार्गों पर यातायात सामान्य बनाए रखने का प्रयास सफल रहा।

हालांकि, कई इलाकों में वर्षा रुकने के काफी देर बाद तक सड़कें पानी में डूबी रहीं। राजघाट, बदरपुर और अन्य क्षेत्रों में जलभराव से लोगों को परेशानी हुई, जबकि कुछ स्कूल परिसरों में भी पानी भर गया।

ये 24 जलभराव वाले स्थान की हुई पहचान

समीक्षा के दौरान जिन 24 स्थानों पर जलभराव दर्ज किया गया, उनमें एनएसजी रेड लाइट, डीसीएम चौक, शास्त्री नगर, ओखला अंडरपास, जहांगीरपुरी मेट्रो स्टेशन, गाजीपुर मुर्गा मंडी, मुकरबा चौक से सिंधु बार्डर, फूल मंडी, गदाईपुर, रतिया मार्ग, बत्रा अस्पताल, जामिया हमदर्द टी-पाइंट, खानपुर से हमदर्द टी-पाइंट, निजामुद्दीन खट्टा, पुल प्रहलादपुर अंडरपास, आयरन ब्रिज, पांडव नगर अंडरपास, मदर टेरेसा क्रिसेंट, पंचशील मार्ग, सत्य मार्ग, एनएच-48 के दो स्थान, कापसहेड़ा और अशोक कंट्री रिजार्ट के सामने का क्षेत्र शामिल हैं।

जहां हो रहा जलभराव उस पर एजेंसियां कर रहीं काम

बैठक में बताया गया कि इन स्थानों की तुलना पिछले वर्ष जलभराव वाले 47 हाटस्पाट की सूची से की गई। इसमें कम से कम आठ स्थान ऐसे मिले, जहां समस्या लगातार बनी हुई है। अधिकारियों के मुताबिक, इन स्थानों पर स्थायी समाधान के लिए संबंधित एजेंसियों के साथ मिलकर अतिरिक्त कदम उठाए जाएंगे।

ट्रैफिक पुलिस ने बैठक में विभिन्न एजेंसियों के साथ किए गए कार्यों, लंबित परियोजनाओं और प्रस्तावित उपायों पर प्रस्तुति भी दी। अधिकारियों ने कहा कि कई स्थानों पर आपसी समन्वय से स्थिति में सुधार हुआ है, लेकिन कुछ क्षेत्रों में जलनिकासी और सड़क संबंधी कार्यों को जल्द पूरा करना जरूरी है।

Share This Article
Leave a Comment