बाहरी दिल्ली। जहांगीरपुरी में बीती रात 5-6 लड़कों ने एक युवक की डंडों व लात-घूसों से पीट कर हत्या कर दी। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था, एलएनजेपी अस्पताल में इलाज के दौरान बृहस्पतिवार सुबह मौत हो गई।
हत्या का कारण आपसी रंजिश बताया जा रहा है। छह-सात महीने पहले दोनों गुटों में झगड़ा हुआ था। फिलहाल पुलिस ने हत्या के आरोप में पुलिस ने तीन नाबालिग को पकड़ा है। इस बीच, शव को लेकर बड़ी संख्या में लोग सड़क पर जमा हुए और हमलावरों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के समझाने के बाद लोग सड़क से हटे।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, कल रात करीब 11 बजे एच-ब्लाक के पास हुई मारपीट और 23 वर्षीय आरिफ के घायल होने की सूचना मिली। आरिफ को पहले बाबू जगजीवन अस्पताल ले जाया गया, बाद में उसे एलएनजेपी अस्पताल रेफर कर दिया गया।
नाबालिग आरोपी को दबोचा
पुलिस अधिकारी ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह आरिफ की मौत होने की सूचना मिली। छह-सात माह पहले किसी बात को लेकर दोनों गुटों में झगड़ा हुआ था, इसी झगड़े से उपजी रंजिश के चलते कल रात की वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने तीन नाबालिग आरोपित को पकड़ लिया है, अन्य आरोपित की तलाश की जा रही है।
पोस्टमार्टम के बाद शव जहांगीरपुरी पहुंचा तो बड़ी संख्या में लोग सड़क पर जमा हो गए। स्वजन ने सभी हमलावरों की तुरंत गिफ्तारी की मांग की।
अधिकारियों ने लोगों से बात की और बताया कि कुछ हमलावरों को पकड़ लिया है, शेष को जल्द पकड़ लिया जाएगा। पुलिस अधिकारियों के समझाने के बाद लोग सड़क से हट गए। एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनाती की गई है।

