ग्रेटर नोएडा। आबादी प्रकरण का निस्तारण, दस प्रतिशत भूखंड और सर्किल रेट का रिवीजन समेत अन्य मामलों को लेकर किसान संघर्ष मोर्चा ने 17 जुलाई को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर महापंचायत और आंदोलन का ऐलान किया है।
किसान सभा, किसान एकता संघ और किसान परिषद ने सेक्टर स्वर्ण नगरी में मंगलवार को प्रेस वार्ता कर इसकी घोषणा की। किसान सभा के जिला अध्यक्ष डॉ. रुपेश वर्मा ने कहा कि 2023-24 के आंदोलन के बाद प्रशासन ने कई आश्वासन दिए, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ।
नोएडा में करीब 3800 और यीडा क्षेत्र में 800 आबादी प्रकरण लंबित
ग्रेटर नोएडा में 854, नोएडा में करीब 3800 और यीडा क्षेत्र में 800 आबादी प्रकरण लंबित हैं। एक लाख से अधिक किसान 10 प्रतिशत विकसित भूखंड के अधिकार से वंचित हैं। उन्होंने बताया कि 133वीं बोर्ड बैठक में 10 प्रतिशत भूखंड का प्रस्ताव पास कर शासन को भेजा जा चुका है।
किसान एकता संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सोरन प्रधान ने कहा कि किसान पीछे नहीं हटेंगे। संयोजक वीर सिंह नागर ने जनप्रतिनिधियों पर निष्क्रियता और सर्किल रेट न बढ़वाने का आरोप लगाया।
महापंचायत में 10 हजार से अधिक किसानों के जुटने की उम्मीद
उन्होंने कहा कि गौतमबुद्ध नगर में बाजार भाव एक लाख रुपये वर्गमीटर तक है, जबकि अधिग्रहण 4000 रुपये पर हो रहा है। महापंचायत में 10 हजार से अधिक किसानों के जुटने की उम्मीद है।

