ईडी की बड़ी कार्रवाई: करोड़ों की नकदी, कीमती जेवर और संपत्तियों के दस्तावेज जब्त

Amit
2 Min Read

नई दिल्ली-  प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मनी लॉन्ड्रिंग के एक बड़े मामले में दक्षिण दिल्ली में छापेमारी कर भारी मात्रा में नकदी और कीमती संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज बरामद किए हैं। यह कार्रवाई हरियाणा के फरार अपराधी इंदरजीत सिंह यादव से जुड़े नेटवर्क पर की गई, जिसे एजेंसी लंबे समय से रडार पर रखे हुए थी।

ईडी की टीम ने सर्वप्रिय विहार इलाके में स्थित एक आवास पर तलाशी के दौरान 5 करोड़ रुपये से अधिक नकद बरामद किए। इसके अलावा एक सूटकेस से सोने और हीरे के करोड़ों रुपये मूल्य के आभूषण मिले, जबकि लगभग 35 करोड़ रुपये की अचल संपत्तियों से जुड़े कागजात भी जब्त किए गए हैं। नकदी की गिनती के लिए बैंक अधिकारियों को विशेष मशीनों के साथ मौके पर बुलाया गया।

जांच एजेंसी के अनुसार, यह ठिकाना इंदरजीत यादव के करीबी सहयोगी अमन कुमार से जुड़ा हुआ है। ईडी का दावा है कि इंदरजीत वर्तमान में यूएई से अपने आपराधिक नेटवर्क का संचालन कर रहा है। तलाशी के दौरान बैंक चेकबुक और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी हाथ लगे हैं, जिनकी गहन जांच की जा रही है।

ईडी की जांच हरियाणा और उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा दर्ज 14 एफआईआर और दाखिल चार्जशीट पर आधारित है। एजेंसी इससे पहले 26 और 27 दिसंबर को दिल्ली, गुरुग्राम और रोहतक में एक साथ 10 ठिकानों पर छापेमारी कर चुकी है।

प्रवर्तन निदेशालय का कहना है कि इंदरजीत यादव पर हत्या, जबरन वसूली, धोखाधड़ी और अवैध कब्जे जैसे संगीन आरोप हैं। एजेंसी अब जब्त दस्तावेजों और संपत्तियों के आधार पर पूरे नेटवर्क की वित्तीय लेन-देन की कड़ियों को खंगाल रही है।

Share This Article
Leave a Comment