नोएडा। गेट पर रोकने के विवाद में रविवार देर रात सेक्टर 116 में छह-सात युवकों ने मिलकर तीन गार्डों को दौड़ा-दौड़ाकर डंडों से पीटा। युवकों के गुंडई करने की हरकत का वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। सेक्टर 113 थाना पुलिस ने संज्ञान लेकर जांच शुरू कर दी।
आरोपित युवक डिलीवरी ब्वाय बताए जा रहे हैं। अभी पुलिस आरोपितों को पकड़ने में खाली हाथ है। टीम आरोपितों की तलाश में जुटी है। बता दें कि पिछले सप्ताह सेक्टर 108 में भी गार्ड अजयपाल से मारपीट करने का मामला सामने आया था।
क्या है पूरा मामला?
सोशल मीडिया पर वायरल दो मिनट 39 सेकंड के वीडियो में गेट के पास कैब, गार्ड और कुछ युवक खड़े दिख रहे हैं। कैब के जाने के बाद छह-सात युवक मिलकर गार्ड को डंडे से पीटना शुरू कर देते हैं। गार्ड के बचकर भागने पर युवक डंडा लेकर पीछे दौड़ते हैं। उसके बाद अन्य दो गार्डों को पकड़कर पीटते हैं। गार्ड के बार-बार कहने पर कि उसने कुछ नहीं और न ही रोककर हाथापाई की थी। वह कसम भी खाता है। उसके बाद भी युवक नहीं मानते हैं। गार्डों को पीटते हैं।
पीड़ित गार्डों ने मामले की शिकायत आरडब्ल्यूए पदाधिकारी और पुलिस से की। एसीपी राकेश प्रताप सिंह ने बताया कि पूरा मामला संज्ञान में है। गार्डों की ओर से शिकायत लेकर कार्रवाई की जा रही है। आरोपितों की पहचान और तलाश में टीम लगी है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
सेक्टरों में गश्त से हौंसले बुलंद
सेक्टरों में पुलिस गश्त नहीं होने से असामाजिक तत्वों के हौंसले बुलंद हैं। आए दिन सेक्टरों में गार्डों के साथ-साथ आमजन से मारपीट व झपटमारी के मामले सामने आते रहते हैं। आरडब्लयूए पदाधिकारियों ने घटना को लेकर नाराजगी जताई है। सोमवार को पुलिस अधिकारियों से कार्रवाई की मांग की। सेक्टर में गश्त बढ़ाने की भी मांग की।
