ग्रेटर नोएडा: प्रसूता की मौत के बाद फलक लाइफ लाइन हॉस्पिटल सील

News Desk
2 Min Read

बिलासपुर (ग्रेटर नोएडा)। ग्रेटर नोएडा में बिलासपुर स्थित फलक लाइफ लाइन हॉस्पिटल के खिलाफ शनिवार को जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अस्पताल को सील कर दिया।

यह कार्रवाई हाल ही में प्रसूता महिला की मौत के मामले में परिजनों द्वारा जिलाधिकारी से की गई शिकायत और उसके बाद प्राप्त निर्देशों के क्रम में की गई।

अस्पताल को सील कर दिया

जिलाधिकारी के आदेशानुसार, शनिवार को उपजिलाधिकारी (एसडीएम) की निगरानी में स्वास्थ्य विभाग की टीम अस्पताल पहुंची और जांच के बाद अस्पताल को सील कर दिया। कार्रवाई से पहले अस्पताल में भर्ती सभी मरीजों को सुरक्षित रूप से सरकारी अस्पताल में स्थानांतरित कराया गया, ताकि उनके उपचार में किसी प्रकार की बाधा न आए।

गौरतलब है कि बिलासपुर स्थित निजी अस्पताल में प्रसव के बाद एक महिला की मौत के मामले में परिजनों ने चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए पहले पुलिस और बाद में जिलाधिकारी से न्याय की गुहार लगाई थी।

स्वास्थ्य विभाग को जांच के निर्देश

परिजनों ने निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने स्वास्थ्य विभाग को जांच के निर्देश दिए थे।

मामले की विस्तृत जांच जारी

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एसडीएम की मौजूदगी में अस्पताल का निरीक्षण किया और प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए अस्पताल को सील कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियमों के उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Share This Article
Leave a Comment