पूर्वी दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वाड (एएटीएस) ने दिल्ली पुलिस का सिपाही बनकर घूम रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपित दिल्ली सिविल डिफेंस का स्वयंसेवक है और पुलिस की वर्दी पहनकर खुद को करावल नगर थाने में तैनात कांस्टेबल बताकर लोगों पर रौब झाड़ रहा था।
छापेमारी कर संदिग्ध को किया गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, 28 जून की रात करीब 9:40 बजे एएटीएस की गश्ती टीम को सूचना मिली कि एसडीएम कार्यालय नंद नगरी में तैनात एक सिविल डिफेंस स्वयंसेवक जवाहर नगर पिकेट के पास दिल्ली पुलिस की वर्दी पहनकर खुद को पुलिसकर्मी बता रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की और संदिग्ध को पकड़ लिया।
पूछताछ में स्वीकार किया आरोप
पूछताछ के दौरान आरोपित ने अपना नाम शाहरुख खान बताकर खुद को करावल नगर थाने में तैनात कांस्टेबल बताया। हालांकि, थाने से सत्यापन कराने पर पता चला कि उस नाम का कोई पुलिसकर्मी वहां तैनात नहीं है। इसके बाद उसकी पोल खुल गई।
आरोपी की पहचान 26 वर्षीय शाहरुख खान निवासी मंडोला गांव, लोनी (गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से दिल्ली पुलिस के कांस्टेबल की वर्दी बरामद की गई। पूछताछ में उसने पुलिसकर्मी बनकर लोगों के बीच घूमने की बात स्वीकार कर ली।
अब पुलिस खंगाल रही ‘कुंडली’
करावल नगर थाने में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 204 और 205 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने फर्जी पहचान का इस्तेमाल कर किसी अन्य वारदात को अंजाम तो नहीं दिया।
