नई दिल्ली। दिल्ली की 25 लालबत्तियों पर बैक टू बैक यू-टर्न बनाकर जाम का समाधान निकलेगा। लोक निर्माण विभाग और यातायात पुलिस, केंद्रीय सड़क अनुसंधान संस्थान (सीआरआरआई) के साथ मिलकर इस योजना पर काम कर रहे हैं। इस योजना पर सहमति बन गई है, जल्द ही काम शुरू हो जाने की उम्मीद है।
बिना फ्लाईओवर मिलेगी जाम से राहत
सीआरआरआई ने इसके लिए अपने सुझाव दिए हैं। इस योजना से जनता को लगने वाले अनावश्यक जाम से बचाया जा सकेगा और अभी बगैर फ्लाईओवर बनाए फिलहाल के लिए लोगों को राहत मिल सकेगी।
योजना के तहत पैदल यात्रियों को सड़क पार करने के लिए सुविधा उपलब्ध कराए जाने का भी सुझाव है। लोक निर्माण विभाग ने इस योजना के लिए फंड अनुमान बनाए जाने के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। बता दें कि बैक टू बैक यू-टर्न योजना के तहत यू-टर्न बनाकर लालबत्तियों को हटाया जाता है। दिल्ली में कई जगह यह प्रयोग सफल रहा है।
यमुनापार के लोगों को मिली राहत
लोक निर्माण विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि उनके द्वारा लालबत्तियां और बोटलनेक पर लगने वाले जाम को दूर करने के लिए दूरगामी योजनाओं पर चल रहा है। मगर यू-टर्न बनाकर अगर जनता को हाल फिलहाल जनता को राहत देने पर भी काम हो रहा है।
इसके तहत अभी हाल ही में यमुनापार के विकास मार्ग पर बैक टू बैक यू-टर्न का प्रयोग किया गया है। जिससे लोगों को काफी राहत मिली है। इससे पहले भी कई अन्य जगहों पर भी यातायात पुलिस के साथ इस योजना पर काम किया गया है।
