मुख्यमंत्री Rekha Gupta ने बाहरी दिल्ली में विकास कार्यों का लिया जायजा

News Desk
3 Min Read

बाहरी दिल्ली। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र एवं पीतमपुरा में विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण करने के साथ-साथ अनेक महत्वपूर्ण सार्वजनिक सुविधाओं का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी परियोजनाओं का प्रभावी संचालन एवं नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।

मुख्यमंत्री ने शालीमार बाग क्षेत्र में वर्षा जल निकासी एवं सीवरेज व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से लोक निर्माण विभाग और दिल्ली जल बोर्ड द्वारा तैयार की गई विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इनमें डीटी माल से सीए ब्लॉक तक दोनों ओर प्रीकास्ट ड्रेनेज सिस्टम का निर्माण, सीए ब्लाक से शालीमार विलेज चौक अंडरपास, आरयूबी से जीटी करनाल रोड (आजादपुर मंडी गेट) और शालीमार चौक से डीए ब्लॉक तक आधुनिक जल निकासी प्रणाली का निर्माण शामिल है।

साथ ही शालीमार गांव, सहीपुर गांव और आसपास के क्षेत्रों में वर्षों से चली आ रही सीवरेज समस्या के स्थायी समाधान के लिए अतिरिक्त सीवेज पंपिंग स्टेशन तथा उससे संबंधित डिलीवरी लाइन का भी लोकार्पण किया गया।

इससे पहले मुख्यमंत्री ने पीतमपुरा स्थित बीडी-एफडी पार्क में विकास एवं सुंदरीकरण कार्यों के लोकार्पण से की। इस अवसर पर पार्क में लगाए गए 93 नए इलेक्ट्रिक पोल एवं आधुनिक लाइट व्यवस्था का भी शुभारंभ किया गया।

इन विकास परियोजनाओं की समीक्षा की

मुख्यमंत्री ने पार्कों के सुंदरीकरण, आधुनिक जल निकासी व्यवस्था, सीवरेज प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाओं, सिंचाई इंफ्रास्ट्रक्चर और तकनीकी शिक्षा संस्थानों में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।

इसके बाद उन्होंने एनपी ब्लाक डिस्पेंसरी का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, दवाइयों की उपलब्धता, चिकित्सा उपकरणों और नागरिक सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक नागरिक को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

सिंघलपुर स्थित मुनक नहर का निरीक्षण किया

मुख्यमंत्री ने इसके बाद सिंघलपुर स्थित मुनक नहर का निरीक्षण किया और सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के अधिकारियों से जल प्रवाह, नहर के रखरखाव, सफाई व्यवस्था तथा जल प्रबंधन से संबंधित कार्यों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि नहरों एवं जल स्रोतों के संरक्षण और उनकी नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने डीएसइयू कस्तूरबा, पीतमपुरा परिसर का निरीक्षण किया और संस्थान में उपलब्ध शैक्षणिक एवं तकनीकी सुविधाओं, प्रशिक्षण अवसंरचना तथा विद्यार्थियों को उपलब्ध कराए जा रहे कौशल विकास कार्यक्रमों की समीक्षा की।

Share This Article
Leave a Comment