साहिबाबाद में मानसून से थमे विकास कार्य, सीएम ग्रिड समेत कई परियोजनाओं पर ब्रेक

News Desk
2 Min Read

साहिबाबाद। मानसून के दौरान नगर निगम के निर्माण कार्याें पर ब्रेक लग गया है। ऐसे में लोगों को कुछ दिन इंतजार और परेशानी उठानी पड़ सकती है। ट्रांस हिंडन क्षेत्र में सीएम ग्रिड समेत नाला, सीवर जैसे काम ठप हो गए हैं। न्यायखंड में सड़क निर्माण के लिए खोदाई कर छोड़ी गई है।

इंदिरापुरम, वैशाली और कौशांबी में सीएम ग्रिड के तहत दूसरे चरण में सड़कों का निर्माण कार्य नगर निगम ने शुरू कराया था। फिलहाल इन जगह लाइनों को अंडरग्राउंड करने का काम किया जा रहा है।

वर्षा का सीजन शुरू होने के बाद काम बंद हैं और लोगों को चमचमाती सड़कों के लिए कुछ महीनों का इंतजार और करना होगा। न्यायखंड में सड़क निर्माण का काम भी रूका हुआ है। इससे उधड़ी पड़ी सड़क पर लोगों को मुसीबत झेलनी पड़ सकती है।

न्यायखंड-1 में रुका कार्य

न्यायखंड-1 में सड़क निर्माण का काम लगभग हो गया है लेकिन इसे वर्षा के कारण पूरा नहीं किया जा रहा है। इस पर अधिकारियों का कहना है कि बीच में वर्षा रूकने पर सड़क को तैयार कर लिया जाएगा।

फिलहाल रास्ते को आवाजाही के लिए बंद किया गया है। इसके अलावा इंदिरापुरम में ही आदित्य माल के पास जेसीबी कई दिनों से खड़ी है और काम रूका हुआ है।

पत्रकार विहार के पास सड़क निर्माण का काम भी पिछले काफी दिनों से बंद है। सड़क किनारे पड़े मलबे के ढेर से रास्ता छोटा हो गया है और यहां लोगों को निकलने में परेशानी उठानी पड़ रही है। इसके अलावा एटीएस सोसायटी के पर निर्माण कार्य बंद होने से सड़क पर मिट्टी का ढेर लगा है।

वर्षा होने पर मिट्टी से कीचड़ बन जाती है। नगर निगम वसुंधरा जोन के अवर अभियंता संजय गंगवार ने बताया कि सभी निर्माणाधीन स्थानों पर लोगों की सुविधा के लिए बैरिकेडिंग की गई है। मलबा और मिट्टी को उठवाया जाएगा।

Share This Article
Leave a Comment