साहिबाबाद। साहिबाबाद थाना क्षेत्र में हज हाउस के पास एलिवेटेड रोड पर तेज रफ्तार कार की टक्कर से ई-स्कूटी सवार डिलीवरी ब्वॉय की मौत हो गई।
वारदात के बाद चालक कार मौके पर छोड़कर फरार हो गया। मृतक की मां की शिकायत पर कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच में जुटी है।
मूलरूप से छत्तीसगढ़ चांपा जिला जांजगीर की रहने वाली लक्ष्मी ठाकुर गाजियाबाद के विजय नगर में रहती हैं। उन्होंने बताया कि उनका बेटा सुनील सिंह परिहार (21) एक निजी कंपनी में डिलीवरी ब्वॉय का काम करता था।
27 जुलाई को देर रात वह आर्डर लेकर कंपनी की ई-स्कूटी से डिलीवरी देने जा रहे थे। राज नगर एक्सटेंशन से गाजीपुर, दिल्ली जाने वाले एलिवेटेड रोड पर हज हाउस के पास तेज रफ्तार कार ने उसकी स्कूटी को टक्कर मार दी।
मां ने रिपोर्ट दर्ज कराई
हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित चालक कार मौके पर छोड़कर फरार हो गया। राहगीरों की सूचना पर पुलिस उन्हें उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंची। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की मां ने कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। प्रभारी एसीपी साहिबाबाद अमित सक्सेना ने बताया कि मौके पर मिली कार को कब्जे में ले लिया गया है। कार नंबर के आधार पर चालक की तलाश की जा रही है। जल्द आरोपित को गिरफ्तार कर आगे कार्रवाई की जाएगी।

