जेवर (ग्रेटर नोएडा)। ग्रेटर नोएडा के जेवर इलाके के जहांगीरपुर कस्बे के रहने वाले एक व्यक्ति ने पड़ोस के रहने वाले दो भाइयों पर संगीन आरोप लगाए हैं।
आरोप है कि दोनों भाइयों ने उसके घर में ईंट फेंका, साथ ही पीड़ित की पत्नी का वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर अपलोड करने की धमकी दी। यही नहीं पत्नी द्वारा आरोपित से बात न करने पर पति व बच्चों को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की है।
आरोपितों की हरकतों से परेशान होकर परिवार के सदस्यों ने घर से निकलना बंद कर दिया है और कस्बे से पलायन करने को मजबूर हो रहे हैं। पीड़ित की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित ने पुलिस को क्या बताया?
पीड़ित ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके पड़ोस के रहने वाले दो भाइयों पुनीत उर्फ गुटकी और चेतन ने 19 जून को उनके घर में पीछे से ईट फेंकी थी। ईंट फेंकने की घटना घर में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई।
घर से निकलने पर रास्ते में पीड़ित की पत्नी का वीडियो बनाकर पुनीत इंटरनेट मीडिया पर डालने की धमकी देकर बात करने को कहता है। बात न करने पर पति व बच्चों को जान से मारने की धमकी देता है।
दोनों भाइयों की हरकतों से तंग आकर परिवार के सभी सदस्यों ने घर से निकलना बंद कर दिया है तथा कस्बे से पलायन के लिए विवश हो रहे हैं।
इससे पूर्व 4 मार्च को दोनों आरोपितों ने अपने पिता कालीचरन के साथ मिलकर पीड़ित, उसकी पत्नी व मां से मारपीट की थी। पीड़ित ने कोतवाली में आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कराया था। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

