महिला से अश्लील हरकत और ब्लैकमेलिंग के आरोप में डिलीवरी बॉय गिरफ्तार

Amit
2 Min Read

 ग्रेटर नोएडा-  सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र की एक आवासीय सोसाइटी में रहने वाली महिला ने एक डिलीवरी बॉय पर गंभीर आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि आरोपी युवक ने उनके नाबालिग बेटे को चाकू की नोंक पर धमकाकर उसकी मौजूदगी में अश्लील वीडियो बनाई और फिर उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी युवक गौरव, जो सोसाइटी के पास ही एक सैलून संचालित करता है, दूध और अन्य घरेलू सामान की डिलीवरी का भी काम करता था। महिला ने बताया कि आरोपी पहले दूध देने आता था, जिससे जान-पहचान हो गई। धीरे-धीरे वह घर के अंदर तक आने लगा।

एक दिन जब महिला अकेली थी और बच्चे सो रहे थे, तभी आरोपी ने अचानक घर में घुसकर बेटे की गर्दन पर चाकू रख दिया और जबरदस्ती कपड़े उतरवाकर महिला के अश्लील वीडियो बना लिए। आरोप है कि वीडियो के ज़रिए ब्लैकमेल करते हुए आरोपी लगातार महिला को डराता-धमकाता रहा। उसने वीडियो पति को भेजने और बेटी को नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी।

महिला ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी कई बार बिना अनुमति के घर में घुस आया, यहां तक कि एक बार रात में बालकनी से कूदकर भी अंदर आ गया। कुछ समय बाद आरोपी ने महिला के पति को आपत्तिजनक वीडियो भेज दी और फिर सोशल मीडिया पर भी वायरल कर दी।

घटना के बाद महिला ने हिम्मत जुटाकर सूरजपुर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी गौरव को गिरफ्तार कर लिया है।

Share This Article
Leave a Comment