UP: प्रयागराज में 15 साल के बच्चे का मर्डर, अपहरण कर 15 लाख मांगी थी फिरौती

Rohit Kumar
2 Min Read

प्रयागराज (Prayagraj) से अगवा किए गए दवा कारोबारी के 14 वर्षीय बेटे का शव चित्रकूट (Chitrakoot) के जंगल में मिला है. अपहरण के बाद शुभ केसरवानी की हत्या कर दी गई. मामला शंकरगढ नगर पंचायत के सदर बाजार का है. सुबह हत्या की जानकारी होने पर विक्की केसरवानी परिवार में मातम पसर गया. शुभ केसरवानी का शव चित्रकूट में आज सुबह बोझ के जंगलों से बरामद हुआ. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर तफ्तीश शुरू कर दी है.

दवा कारोबारी के अगवा बेटे की हत्या

परिजनों ने बताया कि कल शाम 4 बजे से शुभ केसरवानी लापता था. काफी खोजबीन के बाद बच्चे का पता नहीं चल सका. रात को मोबाइल पर बच्चे को छोड़ने के एवज में 15 लाख फिरौती की मांग की गई. अपहरण की सूचना मिलने पर परिजनों के होश उड़ गए. फोन करनेवाले ने धमकी दी कि फिरौती की रकम नहीं मिलने पर मासूम बेटे की हत्या कर दी जाएगी. वारदात की जानकारी परिजनों ने शंकरगढ़ पुलिस को दी. परिजन देर रात तक थाने में डटे रहे. पिता विक्की केसरवानी की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मोबाइल नंबर को सर्विलेंस पर लगा दिया.

15 लाख फिरौती का आया था फोन

पुलिस कमिश्नर प्रयागराज सहित कई आलाधिकारी मौके पर पहुंचे. आलाधिकारियों ने बच्चे की बरामदगी पर मंथन किया. पुलिस की टीम को मोबाइल लोकेशन के आधार पर रवाना कर दिया गया. रविवार की सुबह बच्चे का शव चित्रकूट में बरगढ़ थाना क्षेत्र के अरवरी मोड़ के जगंल से बरामद हुआ. घटना की जानकारी देकर परिजनों को मौके पर बुलाया गया. शव की पहचान होने के बाद परिजनों में मातम पसर गया. अपहरणकर्ता ने बच्चे की निर्मम तरीके से हत्या की थी. दवा कारोबारी के बेटे की हत्या से शंकरगढ नगर पंचायत में सनसनी फैल गई. पुलिस मामले का जल्द खुलासा करने में जुटी हुई है.

Share This Article
Leave a Comment