गाजियाबाद में 500 झुग्गियों पर चला बुलडोजर, नाले किनारे अतिक्रमण हटाया

News Desk
3 Min Read

गाजियाबाद। बुलंदशहर रोड औद्योगिक क्षेत्र व लोहा मंडी के बीच से गुजर रहे नाले के किनारे बनी झुग्गियों पर यूपीसीडा ने सोमवार को बुलडोजर चला दिया। झुग्गियों में रहने वाले लोगों को 15 दिन पहले ही नाले के किनारे की जमीन को खाली करने की चेतावनी दी गई थी लेकिन वे खाली नहीं कर रहे थे।

इसके बाद यूपीसीडा ने अंतिम रूप से रविवार को चेतावनी दी और सोमवार को कार्रवाई की। कार्रवाई करने की वजह मानसून सीजन में संभावित खतरे से झुग्गियों में रहने वाले लोगों का बचाव करना है, जिससे कि लोग सुरक्षित स्थान पर जाकर रह सकें।

झुग्गी डालकर रह रहे लोगों की जान को खतरा 

बुलंदशहर रोड औद्योगिक क्षेत्र में लोहा मंडी की तरफ नाले के किनारे वर्षाें से लोग झुग्गी डालकर रह रहे हैं। ज्यादातर लोग औद्योगिक क्षेत्र व लोहा मंडी में मजदूरी करते हैं। नाले की दीवार क्षतिग्रस्त होने के कारण किनारे पर झुग्गी डालकर रह रहे लोगों की जान को खतरा बना हुआ था।

सुरक्षा के मद्देनजर क्षतिग्रस्त नाले की एक तरफ रिटेनिंग वाल का निर्माण कार्य कराया गया है लेकिन दूसरी तरफ रिटेनिंग वाल नही बनी है। जिस तरफ रिटेनिंग वाल नहीं बनी, उधर ही लोग झुग्गी डालकर रह रहे थे। इस मानसून सीजन में भारी वर्षा होने पर रिटेनिंग वाल की कमी से नाले की भूमि के कटाव की आशंका है, ऐसे में झुग्गियों में रह रहे लोगों की जान पर खतरा बना हुआ है।

नाले के किनारे बनी अवैध झुग्गियों और निर्माण को तोड़ दिया

संभावित हादसे को टालने के लिए यूपीसीडा ने पुलिस व प्रशासन की मदद से सोमवार को नाले के किनारे बनी अवैध झुग्गियों और अवैध निर्माण को तोड़ दिया, जिससे कि लोग कहीं और सुरक्षित स्थान पर जाकर रहें।

यूपीसीडा के अधिकारियों ने बताया कि झुग्गियों को तोड़ने की कार्रवाई शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से की गई, छोटी और बड़ी लगभग 500 झुग्गियों को तोड़ा गया है। औद्योगिक क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा, अतिक्रमण के खिलाफ प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Share This Article
Leave a Comment