नोएडा। नोएडा डूब क्षेत्र में कटी बिजली और कनेक्शन का मामला बढ़ता जा रहा है। इसी मामले पर भारतीय किसान परिषद के नेतृत्व में डूब क्षेत्र की 40 कालोनियों के निवासी रविवार को महापंचायत करेंगे।
यह महापंचायत पर्थला गांव के पुस्ता रोड पर होगी। बिजली कनेक्शन को लेकर लोग आगे की रणनीति तैयार करेंगे। विद्युत निगम ने डूब क्षेत्र के तीन हजार से अधिक अवैध बिजली कनेक्शन काटे थे।
बता दें डूब क्षेत्र में हजारों की आबादी एक दशक से अधिक समय से रह रही है। यहां अवैध रूप से निगम की मिलीभगत से ठेकेदार बिजली दे रहे थे। मामला शासन के संज्ञान में आया तो बिजली काट दी गई।
हजारों घरों में 6 दिन से नहीं है बिजली
हजारों घरों में बीते छह दिन से बिजली नहीं हैं। भारतीय किसान परिषद के बैनर तले यहां के निवासी रविवार को महापंचायत करेंगे। डूब क्षेत्र में कनेक्शन के लिए अपनी बात शासन स्तर तक पहुंचाने के लिए रणनीति तैयार की जाएगी।
अन्य किसान संगठन भी इस महापंचायत मूें शामिल होंगे। परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखबीर खलीफा ने बताया कि वैध कनेक्शन के लिए सभी प्रक्रिया पूरी करने के लोग तैयार हैं।
यह बात कई बार जिलाधिकारी और निगम के प्रबंध निदेशक के सामने भी रखी गई है। अब लोगों की बिजली काटी जा रही है। जबकि लोग अभी भी बिजली का पैसा दे ही रहे थे।
यह सरकार की नजर में अवैध हो सकता है, लेकिन बिजली लोगों की जरूरत है। सरकार को इस पर जल्द संज्ञान लेकर लोगों को कनेक्शन देने चाहिए।
