गाजियाबाद में सबसे बड़ी, मुरादाबाद में सबसे छोटी हार-जीत, जानें कहां कितना अंतर

Rohit Kumar
3 Min Read

यूपी के 17 नगर निगमों के मेयर पद के चुनावी नतीजों की बात करें तो सबसे ज्यादा वोट लखनऊ की भाजपा प्रत्याशी सुषमा खरकवाल को मिले। लेकिन सबसे बड़ी हार-जीत गाजियाबाद में हुई। गाजियाबाद से मेयर पद की भाजपा प्रत्याशी सुनीता दयाल को 3 लाख 50 हजार 905 और बसपा की निसारा खान को 63 हजार 249 वोट मिले। लखनऊ में मेयर प्रत्याशी सुषमा खरकवाल को प्रदेश में सबसे ज्यादा 5 लाख 2660 मत मिले।

इस प्रकार सुनीता दयाल को 2 लाख 87 हजार 656 वोटों से जीत मिली। वहीं सबसे कम अंतर वाली हार-जीत मुरादाबाद में हुई। वहां भाजपा प्रत्याशी विनोद अग्रवाल को 1 लाख 21 हजार 475 और कांग्रेस प्रत्याशी मोहम्मद रिजवान को 1 लाख 17 हजार 832 वोट मिले। यहां हार-जीत का अंतर 3643 वोट का रहा।

यूपी में रही बजरंग बली की कृपा

यूपी के निकाय चुनावों के दौरान हुए कर्नाटक विधानसभा चुनाव में बजरंग बली के नाम की खूब गूंज सुनाई दी। चुनावी नतीजे एक साथ केसरी नंदन का दिन माने जाने वाले शनिवार को आए। कर्नाटक के नतीजे तो मुफीद नहीं रहे लेकिन यूपी के निकाय चुनाव में पवनपुत्र की पूरी कृपा भगवा खेमे पर रही।

भाजपा ने तीन मेयर किए थे रिपीट

भाजपा ने 17 नगर निगमों के महापौर पद के लिए अधिकांश पुराने चेहरे बदल दिए थे। सिर्फ तीन निवर्तमान मेयरों पर दांव लगाया गया था। इनमें कानपुर नगर में प्रमिला पांडेय, मुरादाबाद में विनोद अग्रवाल और बरेली में उमेश गौतम शामिल थे। तीनों ही दोबारा जीत हासिल करने में सफल रहे। मेयर एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष और आगरा के महापौर रहे नवीन जैन सहित कई सीटों पर आरक्षण बदल जाने के चलते पुराने चेहरे खुद ही दौड़ से बाहर हो गए थे। इसके अलावा गोरखपुर, अयोध्या, प्रयागराज, वाराणसी, फिरोजाबाद, गाजियाबाद, सहारनपुर आदि सीटों पर चेहरे बदले गए थे।

यूपी नगर निगम के नवनिर्वाचित महापौरों के नाम
नगर निगम निर्वाचित प्रत्याशी मिले वोट शैक्षिक योग्यता
अयोध्या गिरीश पति त्रिपाठी 77494 परास्नातक
अलीगढ़ प्रशांत सिंघल 193889 स्नातक
आगरा हेमलता दिवाकर 267925 स्नातक
कानपुर नगर प्रमिला पाण्डेय 440353 इंटर
गाजियाबाद सुनीता दयाल 350905 स्नातक
गोरखपुर डा0 मंगलेश श्रीवास्तव 180629 परास्नातक
झांसी बिहारी लाल आर्य 123503 स्नातक
प्रयागराज उमेश चन्द्र गणेश केशरवानी 235675 स्नातक
फिरोज़ाबाद कामिनी राठौर 101416 परास्नातक
बरेली डा0 उमेश गौतम 167385 स्नातक
मथुरा विनोद कुमार अग्रवाल 145720 परास्नातक
मेरठ हरिकांत अहलूवालिया 235953 स्नातक
मुरादाबाद विनोद अग्रवाल 121475 इंटर
लखनऊ सुषमा खर्कवाल 502660 स्नातक
वाराणसी अशोक कुमार तिवारी स्नातक
शाहजहांपुर अर्चना सिंह 80762 परास्नातक
सहारनपुर अजय कुमार 154879 परास्नातक
Share This Article
Leave a Comment