
गाजियाबाद: नेशनल पब्लिक स्कूल में शनिवार को क्लास रूम में 12वीं के छात्र के ऊपर सीलिंग फैन गिर गया। इससे उसे गंभीर चोटें आई। उसके दो दांत टूट गए और होंठ के नीचे छह टांके पड़े। परिजनों का आरोप है स्कूल मैनेजमेंट ने कोई सहयोग नहीं किया।
वहीं, स्कूल मैनेजमेंट का कहना है कि जानकारी मिलते ही परिवार को सूचना देकर छात्र का प्राथमिक उपचार किया गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस मामले में देर शाम तक पुलिस को कोई शिकायत नहीं दी गई थी।
छात्र के दो दांत टूटे
साहिबाबाद निवासी अवनीत नेशनल पब्लिक स्कूल में 12वीं में पढ़ता है। शनिवार को स्कूल में क्लास के दौरान उसके ऊपर चलता हुआ सीलिंग फैन गिर गया। अन्य बच्चे सकुशल हैं। छात्र के बड़े भाई अक्षय ने बताया कि चोट लगने के बावजूद स्कूल मैनेजमेंट ने कोई गंभीरता नहीं दिखाई। उसके होठ के नीचे छह टांके लगाने के साथ-साथ आगे के दो दांत भी टूट गए।
परिवार ने लगाए ये आरोप
परिवार के लोगों ने स्कूल मैनेजमेंट से स्टूडेंट की आगे की पढ़ाई का खर्च उठाने की बात कही है। इस पर स्कूल मैनेजमेंट ने कोई जवाब नहीं दिया। परिवार का यह भी कहना है कि पहले जिस अस्पताल में बच्चे का फर्स्ट एड करवाया गया वहां पर खानापूर्ति की गई। बाद में उसे वैशाली के निजी अस्पताल में भेजा गया।
स्कूल या पीड़ित बच्चे के परिवार ने शिकायत नहीं दी है। यदि ऐसी शिकायत आती है तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रविद्र गौतम, SHO, साहिबाबाद थाना
जानिए स्कूल मैनेजमेंट ने क्या कहा
स्कूल मैनेजमेंट की ओर से रीना शर्मा का कहना है कि पहले अवनीश को पास के ही अंबे अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद मैक्स अस्पताल में टेस्ट कराए गए। चोटिल बच्चे के साथ ही स्कूल का स्टाफ मौजूद रहा। जैसे ही घटना का पता चला तत्काल छात्र की मदद की गई। कहीं भी लापरवाही नहीं बरती गई है। उधर, पुलिस का कहना है कि देर शाम तक परिवार ने किसी प्रकार की शिकायत नहीं दी।
