द्वारका में ट्रैफिक पुलिसकर्मी पर हमला, एक आरोपी गिरफ्तार, दो फरार

Amit
2 Min Read

नई दिल्ली – द्वारका नॉर्थ इलाके में नो-एंट्री जोन में जा रहे एक ट्रैक्टर को रोकना दिल्ली ट्रैफिक पुलिस में तैनात एएसआई राजकुमार को भारी पड़ गया। चालान की प्रक्रिया के दौरान ट्रैक्टर मालिक ने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर एएसआई पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण एएसआई बेहोश हो गए।

घटना के समय नज़दीक मौजूद बिंदापुर थाने के कांस्टेबल मोनू ने मौके पर पहुंचकर राजकुमार को हमलावरों से छुड़ाया और मुख्य आरोपी को दबोच लिया। हालांकि, हमले में शामिल दो अन्य युवक मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

राजकुमार, जो पालम कॉलोनी में अपने परिवार के साथ रहते हैं, द्वारका सर्किल में तैनात हैं। एफआईआर के अनुसार, 6 अक्टूबर को वह द्वारका मोड़ स्थित एनएसयूटी रोड पर अन्य पुलिसकर्मियों के साथ चालान ड्यूटी पर थे। इसी दौरान एक ट्रैक्टर नो-एंट्री क्षेत्र में घुसने लगा। जब एएसआई ने चालक को रुकने का इशारा किया, तो वह ट्रैक्टर भगा ले गया। राजकुमार ने तुरंत उसका वीडियो बना लिया।

कुछ दूरी पर जाकर ट्रैक्टर का मालिक वाहन से उतरा और एएसआई से उलझने लगा। थोड़ी ही देर में उसके दो साथी भी वहां पहुंच गए और तीनों ने मिलकर राजकुमार के साथ मारपीट शुरू कर दी। सिर पर डंडे से वार के कारण वह बेहोश हो गए।

घटना के तुरंत बाद घायल एएसआई को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद पुलिस ने उनके बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान विपिन गार्डन निवासी विरेंद्र सागवान के रूप में हुई है।

पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Share This Article
Leave a Comment