मेरठ में बस चालक का सैनिक व उसके साले ने किया अपहरण, स्कार्पियो में डालकर ले गए

Rohit Kumar
3 Min Read

मेरठ/कंकरखेड़ा। कंकरखेड़ा में एक बार फिर रोडरेज की वारदात सामने आई है। स्कार्पियो सवार दो युवकों ने प्राइवेट बस चालक का अपहरण कर खाली बस लूट ली। सूचना मिलते ही पुलिस में हड़कंप मच गया। हाईवे पर मौजूद तीन थानों की पुलिस बस की तलाश में दौड़ पड़ी। घेराबंदी के बाद परतापुर में स्कार्पियो को रोककर दोनों आरोपियों को दबोच लिया गया। आरोपियों में एक आर्मी का जवान है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज किया है।

खड़ौली गांव के पास हाईवे स्थित एक रेस्टोरेंट पर रविवार रात करीब 10 बजे दो युवक खाना खा रहे थे। इसी बीच एक प्राइवेट खाली बस की युवकों की स्कार्पियो में साइड लग गई। युवकों ने चालक से गाली गलौज की तो वह बस लेकर भागने लगा। स्कार्पियो सवार युवकों ने पीछा कर बस चालक को कुछ दूरी पर पकड़ लिया और जमकर पीटा। मारपीट के दौरान हाइवे पर जाम की स्थिति बन गई। युवकों ने उसका अपहरण कर कार में डाल लिया। एक युवक बस लेकर और दूसरा स्कार्पियो लेकर परतापुर की तरफ चल दिए। राहगीरों ने पूरे घटनाक्रम की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद कंकरखेड़ा, टीपीनगर, परतापुर और जानी थाना पुलिस सतर्क हो गई। टीपीनगर पुलिस ने हाईवे पर बेरिकेडिंग कर दी। आरोपी ने बेरिकेडिंग को टक्कर मारी और परतापुर की तरफ स्कार्पियो दौड़ा दी। परतापुर पुलिस ने बस को परतापुर में टोल के पास पकड़ लिया। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी नशे में थे। आरोपियों की पहचान अजय शर्मा निवासी तेज-विहार रोहटा रोड और गुलशन शर्मा निवासी गाज़ीपुर गाजियाबाद के रूप में हुई। दोनों आपस में जीजा साले बताए जा रहे हैं। अजय आर्मी में जम्मू में तैनात हैं। वह छुट्टी पर आया हुआ है। पुलिस ने बस चालक अब्दुल्ला की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपियों को सोमवार को न्यायिक हिरासत में कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है।

आरोपी भेजे जेल

बस से मामूली साइड लगने के बाद स्कार्पियो सवार दो युवकों ने बस चालक को पीटा और बंधक बनाकर अपहरण किया। इस दौरान एक युवक बस लेकर भागा था। पुलिस ने बस बरामद कर ली है और मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया है।

-सुबोध कुमार सक्सेना, इंस्पेक्टर कंकरखेड़ा

Share This Article
Leave a Comment