
साहिबाबाद। जिले के युवाओं और स्कूल-कॉलेज के छात्रों को नशे के जाल में फंसाकर स्मैक बेचने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। थाना शालीमार गार्डन पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत कार्रवाई करते हुए मास्टरमाइंड महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से स्मैक की 860 पुड़िया समेत कुल 969 ग्राम स्मैक बरामद की है। इसकी अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई गई है। इसके अलावा स्मैक बिक्री के 1,74,990 रुपये नकद, तीन पीली धातु की अंगूठियां और अलग-अलग कंपनियों के चार मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 31 अक्तूबर को शालीमार गार्डन पुलिस टीम ऑपरेशन प्रहार के तहत चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने तीन पुरुषों और एक महिला को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी स्मैक की खरीद-फरोख्त करते थे। गिरोह के सदस्य स्कूल-कॉलेज के छात्रों और युवाओं को निशाना बनाकर नशे का सामान बेचते थे। डीसीपी ऋजुल ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों में मोहम्मद आर्यन (20) निवासी डीएलएफ, ईमानुद्दीन (19) निवासी शालीमार गार्डन, इमरान (करीब 25) निवासी न्यू सीमापुरी, दिल्ली और एक महिला आरोपी समीना (करीब 32) निवासी झुग्गी कलंदर कॉलोनी, दिल्ली शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, समीना इस गिरोह की मास्टरमाइंड है और उसके खिलाफ दिल्ली में एनडीपीएस एक्ट समेत 11 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। साथ ही महिला का पति सरोज अहमद पहले से ही नशीले पदार्थ बेचने को लेकर जेल में हैं। साथ ही चार बहनों पर भी मुकदमे दर्ज हैं।
———–
300 से 400 रुपये में बेचते थे एक पुड़िया
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे स्मैक की पुड़िया बनाकर आसपास के क्षेत्रों में बेचते थे। एक पुड़िया की कीमत करीब 300 से 400 रुपये तक रखते थे। स्मैक बेचकर होने वाली कमाई से आरोपी किराये के मकान और फ्लैट बदलते रहते थे, ताकि पुलिस की पकड़ से बच सकें। पुलिस के अनुसार, समीना ने गिरफ्तारी से बचने के लिए करीब एक महीने पहले ही किराये पर फ्लैट लिया था।
——-
गिरोह से जुड़े लोग पुलिस की रडार पर
एसीपी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने बरामदगी के आधार पर थाना शालीमार गार्डन में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। अन्य आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस गिरोह के नेटवर्क और स्मैक की सप्लाई करने वालों के बारे में पूछताछ कर रही है। जिन्हें जल्द पकड़ा जाएगा। ये गिरोह पूरे जिले में स्ट़डेंट्स को टारगेट कर रहा था।
