दक्षिणी दिल्ली के गोविंदपुरी एक्सटेंशन में सनसनी: बंद फ्लैट में मिला महिला का 8-10 दिन पुराना सड़ा-गला शव

News Desk
4 Min Read

दक्षिणी दिल्ली। कालकाजी थाना क्षेत्र के गोविंदपुरी एक्सटेंशन में एक महिला का करीब 8-10 दिन पुराना सड़ा-गला शव फ्लैट में मिला। मृतका की पहचान 45 वर्षीय सोना के रूप में हुई है। वह सेना के पूर्व कर्मी की बेटी थीं और फ्लैट में अकेली रहती थीं।

पड़ोसियों को फ्लैट से दुर्गंध आने पर घटना का पता चला। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दमकलकर्मियों की मदद से फ्लैट का दरवाजा खुलवाया। अंदर बेड पर महिला का शव पड़ा मिला।

आपराधिक घटना के संकेत नहीं

शुरुआती जांच में किसी तरह की आपराधिक घटना के संकेत नहीं मिले हैं। पुलिस को आशंका है कि बीमारी या अचानक तबीयत बिगड़ने के कारण उनकी मौत हुई होगी। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।

पड़ोसियों की शिकायत पर पहुंची पुलिस

पुलिस के अनुसार, गोविंदपुरी एक्सटेंशन की गली नंबर-9 स्थित मकान की तीसरी मंजिल पर बने फ्लैट से पड़ोसियों को तेज दुर्गंध आ रही थी। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर कालकाजी थाने से इंस्पेक्टर अजय कुमार मिश्रा पुलिस टीम के साथ पहुंचे।

उन्होंने फ्लैट का दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। दरवाजा अंदर से बंद था। इसके बाद दमकल विभाग की मदद से दरवाजा तोड़ा गया। अंदर बेड पर सोना का शव पड़ा मिला। शव काफी सड़ चुका था। इससे आशंका है कि उनकी मौत करीब दस दिन पहले हुई होगी।

कमरे में नहीं मिला सुसाइड नोट

पुलिस ने घटनास्थल पर अपराध जांच टीम और फोरेंसिक टीम को बुलाकर जांच कराई। शुरुआती निरीक्षण में फ्लैट के दरवाजे पर जबरन प्रवेश या संघर्ष के निशान नहीं मिले। कमरे से कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है। पुलिस ने शव को एम्स की मोर्चरी में रखवा दिया है।

मृतका की बहन कोलकाता में रहती हैं। उन्हें घटना की सूचना दे दी गई है। उनके दिल्ली पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।

पिता की पेंशन से होता था गुजारा

जांच में पता चला है कि सोना के पिता एनएन दास सेना में कार्यरत थे। उनके निधन के बाद सोना को आश्रित अविवाहित बेटी होने के नाते पारिवारिक पेंशन मिल रही थी। इसी से उनका गुजारा होता था। वह अविवाहित थीं और फ्लैट में अकेली रहती थीं। परिवार का कोई अन्य सदस्य उनके साथ नहीं रहता था।

पहले ही उजड़ चुका है पूरा परिवार

सोना के परिवार में मारी के कारण पहले ही कई मौतें हो चुकी है। उनके माता-पिता और दो भाइयों की बीमारी से मौत हो गई थी। परिवार में सोना और कोलकाता में रहने वाली उनकी एक बहन ही थीं।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सोना मधुमेह से पीड़ित थीं। आशंका है कि अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें समय पर चिकित्सकीय सहायता नहीं मिल सकी। ऐसे में उनकी मौत हुई हो।

Share This Article
Leave a Comment