नोएडा: सेक्टर-66 के मामूरा में महिला की मौत मामले में पुलिस ने आरोपी की पत्नी की शिकायत के बाद 3 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अवैध संबंधों के शक में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही महिला की गला दबाकर हत्या की थी। हत्या के बाद आरोपी ने शव पिकअप में रखकर दादरी के कोट गांव स्थित नहर में फेंक दिया था।
घटना के बाद आरोपी ने अपनी पत्नी को फोन कर जान से मारने की धमकी दी थी। पत्नी की शिकायत के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। इसके बाद हत्या का खुलासा हुआ। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी की पहचान फिरोजाबाद के एका थाना क्षेत्र के गांव निवासी सुभाष चंद्र के रूप में हुई। करीब एक हफ्ते पहले सेक्टर-66 मामूरा निवासी उसकी पत्नी कांति देवी ने फेज-3 थाने में पति के खिलाफ जान से मारने की धमकी का केस दर्ज कराया था। उसने आशंका जताई थी कि सुभाष ने लिव इन में रही महिला कांति देवी की हत्या की है।
31 जुलाई को मथुरा में मिला था महिला का शव
जांच के बाद पता चला कि पिकअप चालक सुभाष का 27 जुलाई को लिव इन में रह रही महिला से विवाद हुआ था। आरोपी ने महिला पर किसी अन्य व्यक्ति से अवैध संबंध होने का शक जताया। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ने पर उसने महिला की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने अपने चचेरे भाई सर्वंद्र और चचेरे बहनोई नीरज को कमरे पर बुलाया। तीनों ने महिला के शव को पिकअप में रखा और दादरी के कोट गांव स्थित नहर में फेंक दिया। इसके बाद तीनों वहां से फरार हो गए।
मथुरा के सुरीर थाना क्षेत्र में 31 जुलाई 2026 को जरारा और सिकंदरपुर गांव के पास नहर में एक महिला का शव मिला था। मथुरा पुलिस ने शव की पहचान के लिए आसपास के जिलों की पुलिस को फोटो भेजे थे। इसी दौरान सेंट्रल नोएडा के फेज-3 थाना पुलिस को महिला के शव की जानकारी मिली। जांच के दौरान पुलिस ने सुभाष को हिरासत मे लिया और शनिवार को उसे मथुरा के सुरीर थाने ले गई। पुलिस के मुताबिक, वहां महिला के कपड़ों और फोटो के आधार पर सुभाष ने शव की पहचान की। पूछताछ में उसने हत्या की बात कबूल कर ली। इसके बाद पुलिस ने उसके दो साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपियो को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
