नॉर्थ रोहिणी में पड़ोसियों के झगड़े में घायल शख्स की मौत: परिजनों ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल, थाने के बाहर हंगामा

News Desk
3 Min Read

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के नॉर्थ रोहिणी थाना इलाके से एक मामला सामने आया, जहां पड़ोसियों के बीच हुए विवाद के बाद एक परिवार ने दूसरे परिवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं. पीड़ित परिवार का आरोप है कि करीब 15 से 20 दिन पहले हुए विवाद के दौरान पड़ोस में रहने वाले दबंग परिवार ने कथित तौर पर बाहर से कुछ लोगों को बुलाकर उनके साथ मारपीट की. इस मारपीट में एक शख्स गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था.

इलाज के बाद उसे घर लाया गया, जिसके बाद आज सोमवार को उसकी मौत हो गई. मृतक के परिवार ने आरोप लगाया कि पीड़ित की मौत आरोपी पक्ष के लोगो के मारपीट की वजह से हुई. परिवार ने पुलिस की कार्रवाई को लेकर सवाल खड़े करते हुए थाने के बाहर प्रदर्शन किया है. परिजनों के मुताबिक पड़ोसियों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. आरोप है कि इसी विवाद के बाद आरोपी पक्ष ने बाहर से कुछ लोगों को बुलाया और पीड़ित परिवार के साथ मारपीट की गई. इस घटना में परिवार का एक सदस्य गंभीर रूप से घायल हुआ, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया. बताया जा रहा है कि कई दिनों तक इलाज चलने के बाद सोमवार को घायल शख्स ने दम तोड़ दिया.

इलाके में पड़ोसियों में झगड़ा, एक की मौत: मृतक के परिवार का आरोप है कि घटना के बाद पुलिस ने उनकी शिकायत तो ली, लेकिन उनकी शिकायत के आधार पर तत्काल मुकदमा दर्ज नहीं किया गया. परिवार का यह भी आरोप है कि आरोपी पक्ष के लोगों को कार्रवाई के बाद छोड़ दिया गया. इसी बात से नाराज होकर परिजनों और स्थानीय लोगों ने नॉर्थ रोहिणी थाने के बाहर पहुंचकर हंगामा किया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की. पड़ोसी ने बताया कि आए दिन आरोपी पक्ष के लोग किसी न किसी से लड़ते रहते है ओर सबको यह डरा कर रखते है ओर झगड़े वाले दिन भी इन्होंने पीड़ित को बहुत मारा, जिसके बाद आज उसकी मौत हुई.

मृतक की बहन श्वेता ने बताया कि मेरे भाई को बुरी तरह मारा. ये लोग गुंडे है और पूरे पड़ोस को डरा कर रखते है. उस दिन भी इन्होंने झगड़ा किया और मेरे भाई को बुरी तरह मारा, जिसके बाद आज मेरे भाई की मौत हुई. डीसीपी रोहिणी शशांक जायसवाल ने बताया कि इस झगड़े में पीड़ित हॉस्पिटल से अपने घर आया ओर उसके बाद घर पर उनकी मृत्यु हुई. अब पोस्टमार्टम के बाद मौत का कारण पता चल पाएगा. पुलिस ने इसमें केस दर्ज कर लिया है और कार्यवाही की जा रही है. परिवार लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहा है.

Share This Article
Leave a Comment