ग्रेटर नोएडा: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एक कैंटीन संचालक ने आरोप लगाया है कि टाटा प्रोजेक्ट्स ने उसके करीब 45 लाख रुपये बकाये का भुगतान नहीं किया। जब उसने भुगतान की मांग की तो उसे कैंटीन खाली कराने के लिए दबाव डाला गया और उसके सामान को बाहर फेंक दिया गया।
एयरपोर्ट पर लगभग चार साल से कैंटीन चला रहे एक संचालक ने टाटा प्रोजेक्ट्स पर समय पर भुगतान न करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बकाया मांगने पर कंपनी के अधिकारियों ने जबरदस्ती कैंटीन खाली करवा दी और सुरक्षाकर्मियों से उसका सामान बाहर फेंकवा दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ है।
चार साल से कैंटीन चला रहे संजय
पीड़ित संजय ने बताया कि वह पिछले चार साल से एयरपोर्ट के भीतर कैंटीन चला रहे हैं। एयरपोर्ट पर तैनात टाटा प्रोजेक्ट्स के अधिकारी, कर्मचारी और सुरक्षा कर्मचारी अक्सर उसी कैंटीन में खाना खाते थे। बावजूद इसके कंपनी के एडमिन विभाग ने उनका भुगतान रोक रखा था। पानी और बिजली के बिल भी उन्हें दिए नहीं गए थे।
फर्नीचर और कुर्सियां बाहर फेंक दी गईं
पिछले कुछ वर्षों में यह बकाया राशि लगभग 40 से 45 लाख रुपये पहुंच गई। भुगतान के लिए जब उन्होंने दबाव बनाया तो उन्हें कैंटीन खाली कराने की जल्दबाजी होने लगी। कैंटीन का फर्नीचर और कुर्सियां बाहर फेंक दी गईं। इस घटना को लेकर शनिवार देर रात एयरपोर्ट परिसर में हंगामा भी हुआ और अब उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
क्या बोला एयरपोर्ट प्रबंधन
कैंटीन संचालक का कहना है कि कंपनी उनका बकाया भुगतान न करे, तब तक वह कैंटीन नहीं हटाएंगे। दूसरी तरफ एयरपोर्ट प्रबंधन ने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बारे में जानकारी होने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि टाटा प्रोजेक्ट्स इस मामले की जांच कर जल्द ही समाधान निकाल लेगा।
