रुड़की में युवक की गला काटकर की हत्या, पनियाला बाईपास पर मिला शव

Rohit Kumar
1 Min Read

उत्तराखंड में रुड़की के पथरी गांव निवासी एक युवक की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। आरोपी शव को सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस को युवक की बाइक घटनास्थल पर मिली है। मृतक की पहचान उसके आधार कार्ड से सतवीर निवासी इक्कड़ थाना पथरी के रूप में हुई है। आधार कार्ड के आधार पर पुलिस ने हत्या की सूचना परिजनों को दे दी है।

सीओ रुड़की विवेक कुमार ने बताया कि सालियर से मंगलौर जा रहे बाईपास पर पनियाला के समीप मंगलवार की सुबह एक युवक का शव बरामद हुआ है। मृतक की गला रेत कर हत्या की गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया है। मृतक के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए हैं। बताया गया है कि युवक पंजाब जाने के लिए निकला था। उसके साथ दो युवक और थे। पुलिस ने हत्यारोपियों की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास भी किया जा रहा है।

Share This Article
Leave a Comment