वजीराबाद में 16 वर्षीय किशोरी पर चाकू से हमला, आरोपी युवक फरार

Amit
2 Min Read

नई दिल्ली-  उत्तर जिला स्थित वजीराबाद इलाके में एक 16 वर्षीय लड़की पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पहचान का एक युवक उसे अपने साथ ले जाने की जिद कर रहा था, मना करने पर उसने धारदार हथियार से वार कर दिया। घायल लड़की को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार पीड़िता अपने परिवार के साथ झड़ौदा में रहती है और मूल रूप से उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले की है। किशोरी का बयान है कि एक साल पहले मोरी गेट स्थित एक पैकिंग यूनिट में काम करते हुए उसकी पहचान सोनिया विहार निवासी युवक से हुई थी। इसके बाद फोन पर संपर्क बना रहा। वह लगातार लड़की को अपने साथ बाहर जाने के लिए दबाव डालता था, लेकिन लड़की ने इससे इनकार किया।

पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज बयान के मुताबिक दो दिन पहले आरोपी ने उसे झड़ौदा एमसीडी स्कूल के पास मिलने बुलाया। वहीं बातचीत के दौरान विवाद बढ़ा और आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया। हमला करने के दौरान उसका मोबाइल मौके पर ही गिर गया, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है।

किशोरी ने घायल होने के बाद अपनी मां को कॉल कर सूचना दी और फिर खुद अस्पताल पहुंची। वजीराबाद थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश में टीमें लगा दी गई हैं।

Share This Article
Leave a Comment