बरेली में युवक के साथ बर्बरता, स्कूटी से बांधकर घसीटा; वीडियो हुआ वायरल

Rohit Kumar
2 Min Read

बरेली के बारादरी थाना क्षेत्र के संजय नगर में स्कूटी सवारों ने एक युवक को सड़क पर घसीटा। युवक को स्कूटी से बांधकर घसीटने का वीडियो भी वायरल हुआ है, जो क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। वीडियो में स्कूटी सवार तीन युवक एक युवक को स्कूटी के पीछे बांधकर घसीटते नजर आ रहे हैं। आसपास से लोग गुजरते दिखाई दे रहे हैं, लेकिन किसी ने स्कूटी सवारों को रोकने की हिम्मत नहीं दिखाई।

बताया जा रहा है कि सड़क पर घिसट रहे युवक के हाथ स्कूटी से बंधे हुए हैं। यह घटना एक दुकान के सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। घटना कब की है, स्कूटी सवार युवक कौन हैं और किसे घसीट रहे हैं, यह अभी पता नहीं चल सका है। न ही थाने में इस तरह की कोई शिकायत दर्ज कराई गई है। वायरल वीडियो के संबंध में इंस्पेक्टर बारादरी ने बताया कि जांच के बाद दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

तीन अज्ञात के खिलाफ एफआईआर 

बारादरी क्षेत्र के संजय नगर होली चौराहे के पास का बताया जा रहा यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। खींचने वाले और घिसटने वाले युवक के बारे में सही जानकारी नहीं हो सकी है। इंस्पेक्टर बारादरी अभिषेक सिंह का कहना है कि वायरल वीडियो को लेकर अभी तक किसी ने शिकायत नहीं की। पुलिस ने अपनी ओर से स्कूटी सवार तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। आरोपियों के बारे में पता लगाने के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

Share This Article
Leave a Comment