ज्योति नगर के जैन मंदिर से 40 लाख का कलश चोरी, CCTV में कैद हुई वारदात

Amit
2 Min Read

दिल्ली- उत्तर-पूर्वी दिल्ली के ज्योति नगर इलाके में स्थित एक प्राचीन जैन मंदिर से लगभग 40 लाख रुपये मूल्य का सोने की परत चढ़ा कलश चोरी हो गया। यह घटना शुक्रवार रात की है, जिसकी पुष्टि सीसीटीवी फुटेज के जरिए हुई है।

शनिवार सुबह जब मंदिर के कपाट खुले, तो कलश गायब मिला। चोरी की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मंदिर के बाहर एकत्र हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वारदात करवाचौथ की रात हुई, जब अधिकांश लोग त्योहार में व्यस्त थे।

तारों के सहारे छत पर पहुंचा आरोपी

CCTV फुटेज में दिखा कि रात करीब 11:45 बजे एक संदिग्ध व्यक्ति मंदिर के बाहर कुछ समय तक बैठा रहा। इसके बाद वह बिजली के तारों का सहारा लेकर मंदिर की छत पर चढ़ा और फिर शिखर तक पहुंचकर कलश निकाल ले गया।

मंदिर समिति की शिकायत पर मामला दर्ज

मंदिर समिति के अध्यक्ष नीरज जैन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की मदद से आरोपी की पहचान की कोशिश कर रही है।

नीरज जैन ने बताया कि यह मंदिर लगभग 25 साल पुराना है और 17 साल पहले स्थानीय लोगों के सहयोग से शिखर पर यह बहुमूल्य कलश स्थापित किया गया था।

पुलिस जांच में जुटी

जिला पुलिस उपायुक्त आशीष मिश्रा ने बताया कि चोरी की घटना की जांच जारी है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपी की पहचान कर ली जाएगी।

Share This Article
Leave a Comment