Kanpur : प्रेमिका से जुदाई का गम, थाने के लॉकअप में प्रेमी ने मारकर खाई छिपकली; पुलिस पर आफत

Rohit Kumar
2 Min Read

कानपुरः उत्तर प्रदेश के कानपुर में युवक के छिपकली निगलने का मामला सामने आया है। हैरान करने वाली घटना हवालात से सामने आई है। पिछले रविवार को लॉकअप में बंद युवक छिपकली खा गया। एक घंटे बाद युवक की हालत बिगड़ने लगी। उल्टियां शुरू हो गईं। उल्टियों में छिपकली के टुकड़े निकलते देख पुलिसकर्मियों के हाथ-पैर फूल गए। पुलिसकर्मी युवक को बिधनू सीएचसी ले गए। वहां डॉक्टरों ने उसे हैलट के लिए रेफर कर दिया। युवक की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। हैलट अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।

युवक को युवती के साथ कथित तौर पर रेप के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। दरअसल, साढ़ थाना क्षेत्र स्थित एक गांव में रहने वाली युवती एक महीने से लापता थी। युवती के पिता ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। साढ़ थाने की पुलिस ने बीते शुक्रवार को सर्विलांस की मदद से युवक और युवती को कानपुर झकरकटी बस अड्डे से पकड़ लिया। उसके बाद से युवक साढ़ थाने के हवालात में बंद था। पुलिस की पूछताछ में पता चला कि महेश फतेहपुर जिले के जहानाबाद थाना क्षेत्र के किशुनपुर गांव का रहने वाला है।

दुष्कर्म के आरोप से हुआ आहत

युवक का कहना है कि युवती के परिजनों के दबाव में पुलिस गलत फंसा रही है। युवती ने परिजनों के दबाव में गलत बयान दर्ज कराए हैं। दोनों ही बालिग हैं। युवती अपनी मर्जी से उसके साथ गई थी। युवती की ओर से दुष्कर्म का आरोप लगाने से युवक आहत था। हैलट अस्पताल में भर्ती कराने के बाद पुलिस ने युवक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है।

हैलट अस्पताल में भर्ती

साढ़ थाना प्रभारी विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि महेश निषाद फतेहपुर जिले के जहानाबाद के एक गांव का रहने वाला है। युवती ने अपने बयान में युवक पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। हवालात में बंद युवक ने छिपकली पकड़ कर खा लिया। युवक को हैलट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

Share This Article
Leave a Comment