संपत्ति की लालच में हत्यारा बना बेटा, भोजपुर में दिल दहला देने वाली वारदात

Amit
3 Min Read

सौतेली मां और पिता के साथ चल रहा था विवाद, पुलिस तलाश में जुटी

बिहार। भोजपुर जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के देवघर मोती टोला गांव में मंगलवार की सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जिसने रिश्तों को शर्मसार कर दिया। जमीन विवाद को लेकर एक बेटे ने अपने ही पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद गांव में हड़कंप मच गया है, जबकि आरोपी बेटा और उसकी मां फरार हो गए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही जगदीशपुर एसडीपीओ राजीव चंद्र सिंह, सर्कल इंस्पेक्टर प्रभास कुमार और थानाध्यक्ष राजीव रंजन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेज दिया है।

जमीन विवाद ने ली पिता की जान

मृतक की पहचान 50 वर्षीय जयप्रकाश सिंह उर्फ सत्येंद्र सिंह के रूप में हुई है, जो पेशे से किसान थे। परिजनों के अनुसार, वर्ष 1998 में जयप्रकाश ने पहली शादी सीमा देवी से की थी, जिससे उन्हें एक पुत्र विष्णु कुमार है। पारिवारिक तनाव के चलते सीमा देवी अक्सर मायके चली जाती थीं और पति के साथ नहीं रहती थीं। इसके बाद, वर्ष 2015 में जयप्रकाश ने दूसरी शादी किरण देवी से की, जो रोहतास जिले के बिक्रमगंज थाना क्षेत्र के बैरी गांव की निवासी हैं।

बताया जा रहा है कि पहली पत्नी का बेटा विष्णु कुमार लगातार जमीन में हिस्सेदारी की मांग कर रहा था। नवंबर 2023 में उसने अपने दादा के हिस्से की लगभग 7 कट्ठा जमीन बेच दी थी, जिस पर मृतक जयप्रकाश सिंह ने थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। विवाद दिनों-दिन बढ़ता गया और तीन दिन पहले ही पंचायत में यह तय हुआ था कि मामला कोर्ट में लंबित है, इसलिए समझौते के बाद ही बंटवारा किया जाएगा।

माना जा रहा है कि इसी बात से नाराज विष्णु कुमार ने मंगलवार सुबह धारदार हथियार से अपने पिता का गला रेत दिया और मां के साथ मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

Share This Article
Leave a Comment