बिना परीक्षा दिए लौटे 2500 छात्र! ग्रेटर नोएडा में सर्वर डाउन होते ही मचा बवाल, जानें कब होगा एग्जाम?

News Desk
3 Min Read

ग्रेटर नोएडा। नालेज पार्क कोतवाली अंतर्गत सेक्टर-155 स्थित आदर्श परीक्षा केंद्र पर मंगलवार को सर्वर डाउन होने से एसएससी की सीएचएसएल परीक्षा शुरू ही नहीं हो सकी। करीब 2500 अभ्यर्थी घंटों इंतजार के बाद बिना परीक्षा दिए लौटने को मजबूर हुए।

इससे गुस्साए छात्रों ने केंद्र के गेट पर जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह छात्रों को समझो जाकर शांत किया। वहीं, एसएससी एनआर ने 13 सितंबर को री-एग्जाम का आश्वासन दिया है।

सिस्टम का लॉगिन हुआ फेल

पुलिस के अनुसार मंगलवार दोपहर 12 बजे की शिफ्ट में परीक्षा होनी थी। इसके लिए आदर्श सेंटर पर 2500 अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई थी। अभ्यर्थी सुबह से ही सेंटर पर पहुंच गए थे। बायोमेट्रिक और एंट्री के बाद जब अभ्यर्थी सिस्टम पर बैठे तो लॉगिन फेल होने लगा।

सेंटर के टेक्निकल स्टाफ ने सर्वर रीस्टार्ट करने की कोशिश की, लेकिन दिक्कत दूर नहीं हुई। लगभग डेढ़ घंटे तक परीक्षा शुरू न होने पर छात्रों का सब्र टूट गया। छात्रों का आरोप है कि सेंटर प्रबंधन ने उन्हें कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी।

कई छात्र यूपी के अलग-अलग जिलों के साथ-साथ बिहार और राजस्थान से भी परीक्षा देने आए थे। एक अभ्यर्थी ने बताया, हम सुबह 9 बजे से आए हैं, किराए पर कमरा लिया, लेकिन सर्वर खराब का हवाला देकर वापस भेज दिया।

13 सितंबर को दोबोरा कराने का नोटिस

हंगामा बढ़ने पर सेंटर मैनेजर ने नार्थ रीजन के अधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद एसएससी की ओर से परीक्षा निरस्त करने का निर्णय लिया गया। छात्रों को नोटिस बोर्ड पर सूचना चस्पा कर बताया गया कि यह परीक्षा अब रविवार, 13 सितंबर को दोबारा आयोजित की जाएगी।

नया एडमिट कार्ड वेबसाइट पर जारी होगा। प्रभारी विनोद कुमार ने बताया सर्वर में तकनीकी खराबी की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर गई थी। अभ्यर्थियों को समझाकर शांत कराया गया। किसी भी तरह की अप्रिय घटना नहीं हुई है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।

फिलहाल एसएससी की ओर से आधिकारिक मेल और वेबसाइट पर री-एग्जाम को लेकर नोटिफिकेशन का इंतजार है।

Share This Article
Leave a Comment