
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के नरेला स्थित DDA प्राइम अपार्टमेंट में छठी मंजिल पर बने एक फ्लैट में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. आग इतनी तेज थी कि फ्लैट के अंदर रखा घरेलू सामान जल कर राख हो गया. घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की करीब आधा दर्जन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया. दमकल कर्मियों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया. राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई.
चीफ फायर ऑफिसर ए.के. मलिक के मुताबिक, दमकल विभाग के कंट्रोल रूम को रात करीब 9:30 बजे DDA प्राइम अपार्टमेंट में आग लगने की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियों को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया. मौके पर पहुंची टीम ने आग बुझाने का काम शुरू किया और कुछ समय की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग छठी मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में लगी थी. कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के मुताबिक, घटना के समय फ्लैट बंद था और उसके अंदर घरेलू सामान रखा हुआ था. आग ने फ्लैट में रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया. बताया जा रहा है कि फ्लैट में रहने वाला परिवार काम के सिलसिले में घर से बाहर गया हुआ था. इस वजह से घटना के समय फ्लैट के अंदर कोई मौजूद नहीं था.
दमकल विभाग के अनुसार, आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. हालांकि, आग लगने की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है. संबंधित विभाग की ओर से कारणों का पता लगाने के लिए जानकारी जुटाई जा रही है. वहीं, आग के कारण फ्लैट में हुए नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है. समय रहते दमकल की टीम के पहुंचने और आग बुझाने से किसी बड़े हादसे की आशंका टल गई.
