ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए “यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2025” का मंच पूरी तरह तैयार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को इस भव्य आयोजन का शुभारंभ करेंगे। उद्घाटन समारोह के बाद प्रधानमंत्री विभिन्न स्टॉल्स का दौरा करेंगे और उद्यमियों से संवाद भी करेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार शाम ग्रेटर नोएडा पहुंचेंगे, जहाँ वे तैयारियों का अंतिम निरीक्षण करेंगे। औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल नंदी दोपहर में ही कार्यक्रम स्थल का जायजा लेंगे।
2,500 कंपनियां करेंगी भागीदारी
ट्रेड शो ग्रेटर नोएडा के एक्सपो मार्ट में आयोजित होगा, जहाँ करीब 2,500 राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कंपनियां अपने उत्पादों और सेवाओं की प्रदर्शनी लगाएंगी। शो के लिए 10 विशाल हॉल आरक्षित किए गए हैं।
प्रधानमंत्री मोदी कार्यक्रम में शामिल उद्यमियों से सीधे संवाद करेंगे और उनके साथ फोटो सत्र भी आयोजित किया जाएगा। गौतमबुद्धनगर के कई प्रमुख उद्यमियों को भी इस सत्र में शामिल होने का अवसर मिल सकता है, हालांकि अंतिम सूची पर पीएमओ की मुहर बाकी है।
सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम, ड्रोन और पैराग्लाइडर पर प्रतिबंध
ट्रेड शो के दौरान सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। अपर पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) डॉ. राजीव नारायण मिश्रा ने एक निषेधाज्ञा जारी की है, जिसके तहत गुरुवार को ड्रोन, रिमोट संचालित उपकरण, पैराग्लाइडर और गुब्बारे उड़ाने पर 24 घंटे का प्रतिबंध रहेगा। यह आदेश बुधवार आधी रात से गुरुवार रात 12 बजे तक प्रभावी रहेगा।
रूस बना कंट्री पार्टनर, निवेश के संकेत
इस मेगा इवेंट में रूस ट्रेड शो का कंट्री पार्टनर है। मंगलवार को रूस के 30 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने ग्रेटर नोएडा का दौरा किया और यहां के औद्योगिक बुनियादी ढांचे की सराहना की। प्राधिकरण के एसीईओ सौम्य श्रीवास्तव और प्रेरणा सिंह ने उन्हें इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल टाउनशिप, मल्टी-मॉडल लॉजिस्टिक हब और ट्रांसपोर्ट हब की जानकारी दी। रूस के प्रतिनिधिमंडल ने निवेश की इच्छा भी जताई है।
मुख्यमंत्री नोएडा एयरपोर्ट का भी कर सकते हैं निरीक्षण
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ग्रेटर नोएडा आगमन के दौरान नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (जेवर एयरपोर्ट) का निरीक्षण भी संभावित है। इसको लेकर मंगलवार को डीएम मेधा रूपम और यमुना प्राधिकरण के सीईओ राकेश कुमार सिंह ने एयरपोर्ट का दौरा किया।
सूत्रों के अनुसार, 30 अक्टूबर को एयरपोर्ट का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया जा सकता है। ऐसे में मुख्यमंत्री का दौरा एक पूर्व-निरीक्षण की तरह देखा जा रहा है।
