चाचा ने नाबालिग भतीजी के साथ किया दुष्कर्म, मुकदमा दर्ज

Amit
2 Min Read

महोबा। रिश्तों को कलंकित करने वाली घटना सामने आई है। सगे चाचा ने बहाने से होटल में ले जाकर नाबालिग भतीजी के साथ दुष्कर्म किया। किसी को कुछ बताने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी चाचा के खिलाफ दुष्कर्म समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास में जुट गई है।

कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी 14 वर्षीय किशोरी ने महोबा कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि सात अगस्त को उसके चाचा उसे बहाने से छतरपुर मध्यप्रदेश ले गए थे। जहां रात होने पर होटल में रुकने की बात कही। आरोप लगाया कि रात के समय होटल के कमरे में चाचा ने उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। डर के चलते उसने किसी को कुछ नहीं बताया। बाद में परिजनों को पूरी घटना बताई।
पीड़िता ने परिजनों के साथ कोतवाली पहुंच तहरीर सौंपी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाल नरेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि घटना की जांच कराई जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
Share This Article
Leave a Comment