गुरुग्राम में सक्रिय टायर चोरी गिरोह का भंडाफोड़, क्लबिंग के शौक ने बना दिया चोर – चार युवक गिरफ्तार

Amit
2 Min Read

गुरुग्राम- गुरुग्राम पुलिस की क्राइम ब्रांच ने सेक्टरों और होटलों के बाहर खड़ी कारों से टायर एवं रिम उड़ा देने वाले एक सक्रिय गिरोह को पकड़ लिया है। यह गैंग लगभग तीन महीनों से शहर में वारदातें कर रहा था। चोरी का तरीका भी बेहद संगठित था—नीले रंग की फ्रॉन्क्स कार में पहुंचकर ये युवक रात के अंधेरे का फायदा उठाते, कारों के पास वाहन लगाते और साथ लाए जैक व औजारों की मदद से कुछ ही मिनटों में टायर व रिम निकालकर फरार हो जाते थे। कारें ईंटों पर छोड़ दी जाती थीं।

पुलिस ने गिरोह के जिन चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है उनकी पहचान ऋषिकेश (झाड़सा, गुरुग्राम), अर्जुन (सिवाना, झज्जर), पीयूष राणा (पलवल) और तुषार कुमार (मुंगेर, बिहार) के रूप में की गई है। सभी आरोपी बचपन के दोस्त हैं और एक ही स्कूल में पढ़े थे।

जांच में खुलासा हुआ कि चारों युवक क्लबिंग और पार्टी करने के शौकीन हैं। अक्सर सेक्टर-29 स्थित नाइट क्लबों में समय बिताते थे, लेकिन कुछ समय से घर से जेब खर्च कम मिलने लगा। महंगा शौक जारी रखने के लिए इन्हें जल्दी पैसे की जरूरत थी, जिसके बाद इन्होंने कारों के टायर चोरी करने का रास्ता अपनाया।

गिरोह के सदस्य अलग-अलग कॉलेजों में पढ़ाई कर रहे हैं—

  • अर्जुन, फ्रॉन्क्स कार का मालिक, बाबा मस्तनाथ यूनिवर्सिटी में BA LLB का छात्र है।

  • ऋषिकेश CA की तैयारी कर रहा है।

  • पीयूष गुरुग्राम यूनिवर्सिटी से B.Com कर रहा है।

  • तुषार DSD कॉलेज, गुरुग्राम से B.Com की पढ़ाई में है।

पूछताछ में युवकों ने गुरुग्राम में 14 टायर चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब आरोपियों से चोरी हुए टायरों की बरामदगी और अन्य संभावित साथियों की जानकारी के लिए रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ करेगी।

Share This Article
Leave a Comment