गाजियाबाद के कैटरिंग कारोबारी के फ्लैट में हुई दिनदहाड़े लाखों की चोरी

Rohit Kumar
2 Min Read

गाजियाबाद। सिद्धार्थ विहार स्थित अपेक्स द क्रेमलिन सोसाइटी में चोरों ने दिनदहाड़े कैटरिंग कारोबारी के फ्लैट को निशाना बनाकर चोरी की घटना को अंजाम दे डाला। चोर अलमारी में रखे चार लाख के जेवरात और 10 हजार की नगदी चोरी करके ले गए। कारोबारी पत्नी के साथ बाजार से लौटे तो घटना का पता चला। पुलिस का कहना है कि केस दर्ज कर चोरों की तलाश की जा रही है।

अपेक्स द क्रेमलिन सोसाइटी के टावर-डी की चौथी मंजिल पर रहने वाले सुनील श्रीवास्तव कैटरिंग कारोबारी हैं। वह बेटी की शादी कर चुके हैं, जबकि बेटा परिवार समेत बाहर रहता है। सुनील श्रीवास्तव ने बताया कि मंगलवार दोपहर करीब ढाई बजे वह पत्नी के साथ बाजार सामान लेने के लिए गए थे। शाम के वक्त बाजार से वापस लौटे तो फ्लैट में चोरी का पता चला। पीड़ित कारोबारी का कहना है कि चोर अलमारी में रखे चार लाख के जेवर तथा 10 हजार चोरी करके ले गए। पीड़ित के मुताबिक फ्लैट में कॉमन बाथरूम की खिड़की का लॉक तोड़कर चोर फ्लैट में घुसे और चोरी की घटना को अंजाम दे डाला। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और तहकीकात की। विजयनगर एसएचओ योगेंद्र मलिक ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। चोरों को ट्रेस करने के लिए सोसाइटी में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।

Share This Article
Leave a Comment