लोनी। विधानसभा क्षेत्र में विधायक नंदकिशोर गुर्जर के कार्यकाल में लोनी में विकास कार्यों से एक नई पहचान बनीं है। उनके प्रयास से पुल, दिल्ली-देहरादून हाईवे फ्लाईओवर, बंथला फ्लाईओवर जैसे बड़े विकास कार्यों ने क्षेत्र को विकास के पथ पर आगे बढ़ाया है। 50 बेड के सरकारी अस्पताल के साथ सड़कों का निर्माण और चौड़ीकरण हुआ।
लोनी विधानसभा
- कुल मतदाता- 4,46,945
- पुरुष- 2,45,549
- महिला- 2,01,362
- अन्य- 34
बंद बेहटा फाटक अंडरपास का काम चल रहा है। तमाम योजनाओं के बीच बुनियादी सुविधाओं की लोगों की मांग अभी रह गई है। खासकर कई ग्रामीण क्षेत्र ऐसे हैं, जहां विकास कार्यों की दरकार है।
समस्याओं की बात की जाए तो वर्षा के दौरान लोनी में जलभराव सबसे बड़ी समस्या है। दिल्ली-सहारनपुर मार्ग, लोनी गाजियाबाद मार्ग, रामेश्वर पार्क, राम पार्क, खन्ना नगर, लक्ष्मी गार्डन नाला रोड समेत कई मार्ग हल्की वर्षा में पानी से लबालब भर जाते हैं।
ग्राम राजपुर से फारुखनगर जाने वाले मुख्य मार्ग पर नाला निर्माण न होने से पिछले तीन वर्षों से जलभराव हो रहा है। सुनीता विहार सौ फुटा मार्ग स्थित लोनी कन्या डिग्री कालेज दो वर्ष पहले बनकर तैयार हुआ था। लेकिन इसे अब तक शुरू नहीं किया जा सका है। 50 बेड के संयुक्त अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सक और आधुनिक उपकरणों का अभाव है। गंभीर मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद दिल्ली जीटीबी या गाजियाबाद हायर सेंटर अस्पताल रेफर करना पड़ता है।
आठ करोड़ रुपये की लागत से डीएलएफ, मिलक, गढ़ी कटैया, सभापुर, में अंडरपास और कट, 34 करोड़ की लागत से एक्सप्रेसवे के दोनों तरफ सर्विस रोड, 579 करोड़ की लागत से लोनी के एलिवेटेड पोर्शन, 58.34 करोड़ से बंथला फ्लाईओवर, 13 करोड़ से तहसील बनने से शहर को नई दिशा मिली है। एम्स के सैटेलाइट सेंटर को लाने का प्रयास चल रहा है।
कन्या डिग्री कालेज में जल्द ही शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। कई बिजली घरों के निर्माण के साथ शहर में ट्रांसफार्मरों की क्षमता में बढ़ोतरी करके बिजली के पोल और तारों को बदलकर आपूर्ति में सुधार किया गया है। गांव को शहर से जोड़ने के लिए हिंडन नदी पर ग्राम फारुखनगर तक पुल निर्माणाधीन है। 40 करोड़ की त्वरित निधि-विधायक निधि से 350 गलियों एवं नालियों का निर्माण कार्य कराया जा रहा है।
– नंदकिशोर गुर्जर, लोनी विधायक
गांवों में अभी भी शुद्ध पेयजल की भीषण समस्या है। प्रकाश व्यवस्था के लिए सोलर लाइटें लगवाई जानी चाहिए। अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों का अभाव है।
– जगमोहन कसाना, धारीपुर गांव
शहर की जल निकासी व्यवस्था का स्थायी समाधान और बिजली पोल व तार लगवाकर बांस बल्लियों पर दौड़ रहे तार हटवाने का काम कर दें तो समस्या हल हो जाएगी।
– सत्यभान, राहुल गार्डन
विधायक ने ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क और पुल निर्माण पर अच्छा काम किया है। इससे किसानों और आम लोगों को आवागमन में काफी सुविधा मिली है। लोनी में प्रदूषण दूर करने के लिए काम किया जाए।
– सूरज मिश्रा, इलायचीपुर गांव
क्षेत्र में सड़कें बेहतर हुई है, लेकिन नाईपुरा स्थित कन्या डिग्री कालेज शुरू न होना सबसे बड़ी कमी है। इसके शुरू होने से क्षेत्र के लड़कियों की शिक्षा में सुधार होगा।
– प्रमोद कुमार, लोनी
भाजपा विधायक विकास करने के लंबे-चौड़े दावे कर रहे हैं लेकिन क्षेत्र की जनता स्वयं को ठगा महसूस कर रही है। नहरों में पानी नहीं आता। सड़क शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था बदहाल है। बेहतर शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव में लोगों को अपने बच्चों की पढ़ाई और इलाज के लिए अन्य शहरों में जाना पड़ता है।
कई ग्रामीण सड़कें भी जर्जर हैं। जनता को सड़क निर्माण के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसी मूलभूत सुविधाओं की भी जरूरत है। इन मुद्दों पर गंभीरता से काम होना चाहिए। विधायक केवल लोगों को सपने दिखाने से आगे नहीं बढ़ पाए।
– रंजीता धामा, पूर्व विधायक प्रत्याशी

