गाजियाबाद। कांवड़ यात्रा के दौरान बढ़ने वाले यातायात दबाव को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने मेरठ रोड पर कट बंद करने का अभियान शुरू कर दिया है।
शनिवार को मेरठ तिराहे से कादराबाद तक करीब 30 किलोमीटर के दायरे में 20 कट बंद करा दिए गए। रविवार को भी यह अभियान जारी रहेगा और आवश्यकता के अनुसार अन्य कट भी बंद किए जाएंगे।
दुर्घटनाओं की आशंका घटेगी
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, आने वाले दिनों में कांवड़ियों की संख्या लगातार बढ़ेगी। इसे देखते हुए मेरठ से दिल्ली जाने वाली लेन पर वाहनों की आवाजाही सुचारु बनाए रखने और सड़क पार करने वाले लोगों पर नियंत्रण के लिए कट बंद करने का निर्णय लिया गया है। इससे कांवड़ मार्ग पर अनावश्यक क्रास मूवमेंट कम होगा और दुर्घटनाओं की आशंका भी घटेगी।
कई कट बंद कराए
शनिवार को जिन प्रमुख स्थानों पर कट बंद किए गए उनमें पटेल नगर कट, मनन धाम के पास, दुहाई के पास और आइटीसी के समीप बने कट शामिल हैं। इसके अलावा मुरादनगर और मोदीनगर क्षेत्र में भी कई कट बंद कराए हैं।
अपर पुलिस उपायुक्त यातायात वरुण कुमार सिंह ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए चरणबद्ध तरीके से ट्रैफिक प्रबंधन लागू किया जा रहा है।

