सिर और चेहरे को पत्थरों से कुचलकर की युवक की हत्या, जांच शुरू

Amit
3 Min Read

भागलपुर। कहलगांव थाना क्षेत्र के सौर गांव में शुक्रवार की सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एमजीआर पुल (पुल संख्या-16) के नीचे एक युवक का खून से लथपथ शव बरामद हुआ। टहलने निकले ग्रामीणों की नजर जब शव पर पड़ी तो इलाके में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना कहलगांव पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में युवक की हत्या की आशंका जताई गई है। मृतक की पहचान रसलपुर थाना क्षेत्र के एकचारी भोलसर निवासी दिवंगत धनंजय सिंह के 19 वर्षीय पुत्र राबिन कुमार के रूप में हुई है। थानाध्यक्ष अतुलेश सिंह ने बताया कि युवक के सिर और चेहरे को बुरी तरह पत्थरों से कुचला गया है, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटनास्थल से पुलिस को एक मोबाइल भी बरामद हुआ है।

मृतक के परिजनों के अनुसार, गांव में आयोजित नौ दिवसीय विष्णु यज्ञ और मेला देखने के लिए गुरुवार की शाम राबिन घर से निकला था। लेकिन वह देर रात तक घर नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। शुक्रवार सुबह उसकी लाश मिलने की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के गांव से घटनास्थल की दूरी करीब सात से आठ किलोमीटर बताई जा रही है।

परिजनों ने बताया कि दो दिन पहले राबिन का गांव में किसी व्यक्ति से विवाद हुआ था, जिससे उन्हें आशंका है कि उसी झगड़े के कारण उसकी हत्या की गई है। वहीं, गांव में यह चर्चा भी तेज है कि युवक नशा करता था और किसी लड़की से उसका प्रेम प्रसंग भी चल रहा था। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। कहलगांव एसडीपीओ कल्याण आनंद ने पुष्टि की कि मृतक की सिर कुचली लाश सौर गांव के पास मिली है। उन्होंने बताया कि युवक की पहचान हो चुकी है और परिजनों के बयान के आधार पर पुलिस कार्रवाई करेगी। एसडीपीओ ने कहा कि हत्या की पुष्टि हो चुकी है और मामला पूरी गंभीरता से जांच के अधीन है।

पुलिस ने मौके से बरामद सबूतों के आधार पर फॉरेंसिक टीम (एफएसएल) को बुलाया, जिसने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण नमूने इकट्ठा किए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भागलपुर भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मोबाइल की जांच के बाद मामले में और भी अहम खुलासे हो सकते हैं। इस सनसनीखेज घटना के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है और लोग पुलिस से शीघ्र कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं, मृतक के परिजन बदहवासी की हालत में हैं और न्याय की गुहार लगा रहे हैं।

Share This Article
Leave a Comment