फरीदाबाद में हैवानियत की हद, 50 तक गिनती न लिख पाने पर पिता ने मासूम बेटी को पीट-पीटकर मार डाला

Amit
2 Min Read

फरीदाबाद –  झाड़सेंतली गांव से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां साढ़े चार साल की एक मासूम बच्ची की उसके ही पिता द्वारा बेरहमी से पिटाई किए जाने से मौत हो गई। बच्ची पर यह अत्याचार सिर्फ इसलिए किया गया क्योंकि वह 50 तक गिनती लिखने में असफल रही। बच्ची की मां की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, मृत बच्ची वंशिका की मां रंजीता ने सेक्टर-58 थाने में शिकायत दी थी। रंजीता ने बताया कि वह और उसका पति कृष्णा जैसवाल मूल रूप से उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के रहने वाले हैं और वर्तमान में झाड़सेंतली गांव में किराए के मकान में रहते थे। दोनों पति-पत्नी एक निजी कंपनी में काम करते हैं।

घटना 21 जनवरी की है। उस दिन रंजीता ड्यूटी पर गई हुई थी। शाम को जब वह घर लौटी तो उसने अपनी बेटी को अचेत अवस्था में पाया। बाद में पता चला कि बच्ची की मौत हो चुकी है। महिला ने अपने पति पर बेटी की बेरहमी से पिटाई करने का आरोप लगाया।

जांच के दौरान अपराध शाखा सेक्टर-56 की टीम ने आरोपी कृष्णा जैसवाल को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि दिन के समय वह बच्चों की देखभाल करता था और घर पर ही बेटी को पढ़ाता था। घटना वाले दिन उसने बच्ची को 50 तक गिनती लिखने को कहा, लेकिन असफल होने पर वह आपा खो बैठा और मारपीट कर दी, जिससे बच्ची की मौत हो गई।

पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपी को एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पड़ताल कर रही है कि बच्ची के साथ पहले भी किसी तरह की हिंसा तो नहीं की जाती थी।

Share This Article
Leave a Comment