दिल्ली में सनसनी: ‘रोड सेफ्टी वाला’ चैनल चलाने वाला आरोपी गिरफ्तार

News Desk
3 Min Read

पश्चिमी दिल्ली। इंटरनेट मीडिया पर अधिक से अधिक व्यूज, फालोअर्स और मोनेटाइजेशन से कमाई के लालच में महिलाओं और लड़कियों को सड़क पर जानबूझकर निशाना बनाने वाले एक इंटरनेट मीडिया कंटेंट क्रिएटर को पश्चिमी जिला साइबर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

आरोप है कि सुभाष नगर निवासी 32 वर्षीय गुरमन सिंह उर्फ रोड सेफ्टी वाला महिलाओं की स्कूटी या बाइक में जानबूझकर टक्कर मारता, फिर सारी दीदी कहकर शक से बचने की कोशिश करता और पूरी घटना का वीडियो रिकार्ड कर फेसबुक व यूट्यूब पर अपलोड कर देता। पुलिस के अनुसार उसके यूट्यूब पर करीब 21 हजार और फेसबुक पर 2.10 लाख फालोअर्स हैं। उसके इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म पर इस तरह के दर्जनों वीडियो मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है।

उपायुक्त हरेश्वर वी स्वामी ने बताया कि दो जून को एक शिकायत दर्ज हुई थी। शिकायतकर्ता ने बताया था कि उनकी दो बेटियां स्कूटी से जा रही थीं, तभी बाइक सवार दो युवकों ने पीछे से उनकी स्कूटी में जानबूझकर टक्कर मार दी। इसके बाद दोनों ने उनका पीछा किया, अभद्र टिप्पणियां कीं। कुछ दिन बाद शिकायतकर्ता को पता चला कि उनकी बेटियों के वीडियो यूट्यूब चैनल और फेसबुक पेज रोड सेफ्टी वाला पर अपलोड कर दिए गए हैं।

इसके बाद साइबर थाने में पुलिस ने तकनीकी निगरानी के आधार पर पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। जांच में पुलिस को मिले मोबाइल में रोड सेफ्टी वाला नाम का फेसबुक पेज और यूट्यूब चैनल मिला है। फोन से कई अन्य वीडियो, स्क्रीनशॉट, अकाउंट से जुड़ा डाटा और अन्य डिजिटल साक्ष्य भी बरामद किए गए।

पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह अधिक व्यूज और फॉलोअर्स हासिल करने, वीडियो वायरल कराने तथा फेसबुक और यूट्यूब के मोनेटाइजेशन से कमाई करने के उद्देश्य से ऐसे वीडियो बनाता था। उसने यह भी स्वीकार किया कि महिलाओं और युवतियों को निशाना बनाने वाले वीडियो पर अधिक प्रतिक्रिया और व्यूज मिलते थे, इसलिए वह उन्हें ही जानबूझकर टारगेट करता था।

आरोपित सड़क पर अकेले या पिलियन सवार महिलाओं और किशोरियो को पहचानकर उनकी स्कूटी या बाइक में जानबूझकर हल्की टक्कर मारता था। इसके तुरंत बाद फंसने की स्थिति में सारी दीदी कहकर माफी मांग लेता, ताकि किसी को उस पर शक न हो। इस दौरान वह पूरी घटना रिकॉर्ड करता और बाद में पीड़िताओं की अनुमति के बिना उसे अपने इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड कर देता। पुलिस ने उसके फेसबुक और यूट्यूब अकाउंट को हटाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।

Share This Article
Leave a Comment