गाजियाबाद। गाजियाबाद में सिहानी गेट क्षेत्र में ऑटो में सवारी बनकर महिलाओं को बहला-फुसलाकर उनके कानों के कुंडल उतरवाने वाले गिरोह के दो बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है।
शनिवार रात पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक ऑटो को रुकने का इशारा किया लेकिन, चालक ऑटो लेकर हमदर्द ग्राउंड की तरफ भागा। ग्राउंड में बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश घायल हो गए, जबकि दो अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
गिरफ्तार आरोपियों की हुई पहचान
एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपितों की पहचान ट्रोनिका सिटी के मंडोला गेट निवासी साकिर उर्फ शाबीर और ट्रोनिका सिटी के सादाबाद दुगराबली निवासी पवन के रूप में हुई है।
महिला से ठगे थे सोने के कुंडल
वहीं, पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि उन्होंने कुछ दिन पहले सिहानी गेट क्षेत्र के बस अड्डे से एक महिला को ऑटो में बैठाया था। रास्ते में उसे बहला-फुसलाकर कानों के कुंडल उतरवा लिए थे।
आरोपियों ने बताया कि ठगे गए कुंडल बेचने और किसी अन्य सवारी को ठगने के उद्देश्य से वे ऑटो में घूम रहे थे। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटे गए कुंडल की एक जोड़ी और वारदात में इस्तेमाल ऑटो बरामद किया है। फरार आरोपियों की पहचान शादाब और सुमित के रूप में हुई है। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
