दिल्ली के लक्ष्मी नगर में शर्मनाक घटना, सरेआम पिता-पुत्र से मारपीट

Amit
2 Min Read

नई दिल्ली- दिल्ली के लक्ष्मी नगर क्षेत्र में 2 जनवरी को हुई एक शर्मनाक घटना ने राजधानी की कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है। इलाके में दबंगों के एक समूह ने एक पिता और उसके बेटे के साथ अमानवीय व्यवहार किया। दोनों के साथ न सिर्फ बेरहमी से मारपीट की गई, बल्कि युवक को सड़क पर घसीटकर सार्वजनिक रूप से अपमानित भी किया गया। चौंकाने वाली बात यह रही कि यह सब पुलिस की मौजूदगी में हुआ, लेकिन मौके पर तैनात पुलिसकर्मी हालात पर काबू पाने में नाकाम नजर आए।

मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित के घर में संचालित जिम को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते आरोपी विकास यादव, शुभम यादव, ओमकार यादव और पिंटू यादव ने युवक पर हमला किया। आरोप है कि हमलावरों ने उसे जबरन बाहर खींचा और सरेआम मारपीट की। हमले में युवक को गंभीर चोटें आईं, जबकि उसके पिता के साथ भी जिम परिसर में मारपीट की गई। पीड़ित परिवार की महिला सदस्य के साथ भी हाथापाई की बात सामने आई है।

घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की भूमिका पर सवाल खड़े हो गए हैं। फुटेज में देखा जा सकता है कि आसपास मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे और किसी ने हस्तक्षेप नहीं किया। वीडियो में एक पुलिसकर्मी पीड़ित को कपड़े देते हुए जरूर दिखाई देता है, लेकिन पूरी घटना के दौरान आरोपियों का बेखौफ रवैया चिंता बढ़ाता है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। इसके बावजूद, घटना के वक्त पुलिस की निष्क्रियता को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। यह घटना एक बार फिर राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती है।

Share This Article
Leave a Comment