बिल्डर पर लापरवाही का आरोप, निवासियों ने सौंपा मांगपत्र

News Desk
3 Min Read

गाजियाबाद। हमतुम रोड स्थित मोती रेजीडेंसी में लगातार दूसरे रविवार को बड़ी संख्या में निवासियों ने बिल्डर के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में इस बार महिलाओं और बच्चों भी मौजूद रहे।

निवासियों का आरोप है कि सोसायटी के निर्माण के करीब 13 वर्ष बाद भी कम्प्लीशन सर्टिफिकेट प्राप्त नहीं किया गया है, जबकि उनसे लगातार मेंटेनेंस शुल्क वसूला जा रहा है और हाल ही में शुल्क भी बढ़ा दिया गया है।

दो रुपये प्रति वर्ग फुट की मेंटेनेंस दर

निवासियों का कहना है कि पहले करीब 1.60 रुपये प्रति वर्ग फुट की दर से मेंटेनेंस लिया जाता था, जिसे बढ़ाकर लगभग दो रुपये प्रति वर्ग फुट कर दिया गया है। इसके बावजूद सोसायटी में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। कंप्लीशन सर्टिफिकेट नहीं मिलने से सोसायटी का हैंडओवर भी लंबित है।

प्रदर्शन के दौरान निवासियों ने बिल्डर प्रतिनिधि नीरज मिश्रा को एक बार फिर मांगपत्र सौंपकर कंप्लीशन सर्टिफिकेट दिलाने, कथित बिजली चोरी की निष्पक्ष जांच कराने, सीवर समस्या का स्थायी समाधान कराने और बढ़ाए गए मेंटेनेंस शुल्क की समीक्षा की मांग की।

आरोप लगाया कि सोसायटी में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट होने के बावजूद सीवर का पानी परिसर में भर जाता है, जिससे दुर्गंध और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां बनी रहती हैं। प्रदर्शन के दौरान बिल्डर प्रतिनिधि ने बिल्डर असीम अग्रवाल और प्रकाश अग्रवाल से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।

इसके बाद निवासी बिल्डर के सेल्स आफिस पहुंचे, जो एक फ्लैट में संचालित किया जा रहा था। निवासियों ने आपत्ति जताते हुए कार्यालय बंद करने का अनुरोध किया, जिसके बाद कार्यालय बंद कर दिया गया। निवासियों का आरोप है कि इसी कार्यालय के माध्यम से फ्लैटों की खरीद-बिक्री का कार्य किया जा रहा था।

कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया

निवासियों ने गाजियाबाद विकास प्राधिकरण पर भी शिकायतों के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि मामले की जानकारी पूर्व में जिला प्रशासन को भी दी जा चुकी है।

चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ आगे फिर बड़े स्तर पर प्रदर्शन किया जाएगा। इस मौके पर रितेश कुमार, बीके शर्मा, अखिलेश कुमार, अमित सिंह और मोहित सैनी सहित अन्य लोग शामिल हुए।

Share This Article
Leave a Comment